मुरादाबाद : मजदूरी करने नैनीताल गया बेटा लौटा नहीं, परिजन परेशान...पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज
कार्रवाई : दरोगा से डीआईजी तक लगाई गुहार, नहीं हुई सुनवाई, कोर्ट के आदेश पर कटघर पुलिस ने दर्ज किया केस
मुरादाबाद, अमृत विचार। साल भर पहले परिचित लोगों संग मजदूरी करने नैनीताल गया गया बेटा सूरज अब तक वापस नहीं लौटा। युवक की मां ने दरोगा से लेकर डीआईजी तक बेटे को तलाश करने की गुहार लगाई, लेकिन कहीं पर भी उसकी सुनवाई नहीं हुई। अब सीजेएम कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
मामला सूरज नगर पीतल बस्ती का है। यहां गोपाल की परचून की दुकान के पास रहने वाली बसंती देवी बेटे के घर लौटने को एक साल से राह तक रही है। बसंती देवी ने पुलिस को बताया है कि मनोज व उसका भाई सुरेश उसके 24 वर्षीय बेटे सूरज को 13 जून 2022 को नैनीताल जिले के बीजापुर ले गए थे। बीजापुर में इन लोगों ने आम, लीची, अमरूद के बाग ठेके पर ले रखे हैं। ये लोग प्रतिदिन 500 रुपये मजदूरी पर उसके बेटे को फल तोड़ने के लिए ले गए थे। बेटे के बीजापुर जाने के समय मौके पर सोमपाल व टोली भी मौजूद थे। शुरुआती दिनों में संजय अपनी मां से माेबाइल पर बात भी करता था।
बसंती का कहना है कि पिछले साल रक्षाबंधन के दो दिन पहले उसके बेटे से मोबाइल पर बात हुई थी। दोबारा कॉल न आने से वह परेशान होने लगी। बसंती ने बेटे संजय के बारे में आरोपियों से पूछती तो वह लोग संजय के बारे में काई जानकारी नहीं होने की बात कहने लगे। बेटे की तलाश में ही बसंती कई बार आरोपियों के घर भी गई तो उसे धमकी मिली।
बसंती का आरोप है कि वह बेटे के संबंध में पूछने को जब-जब आरोपियों के घर गई तो उन लाेगों ने यही कहा कि जो तुम्हारे बेटे के साथ हुआ है, वही तुम्हारे साथ ही होगा। ऐसे में बेटे के दुनिया में न रहने का उसका संदेह बढ़ गया। इस बीच में बसंती 13 दिसंबर 2022 को नैनीताल के बीजापुर पहुंच गई। यहां भी मौजूद लोगों ने उसे उसके बेटे संजय के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। अब कोर्ट के आदेश पर नरायन व उनके बेटे मनोज, सुरेश और मझोला थाने के शाहपुर तिगरी निवासी रवि व उसकी पत्नी सपना के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
सादे कागज पर लगवाया अंगूठा
बसंती देवी का आरोप है कि वह मदद के लिए 16 और 20 दिसंबर 2022 को पीतल नगरी पुलिस चौकी गई, जहां दारोगा ने मदद करने की बात कहकर उससे सादे कागज पर अंगूठा लगवा लिया। लेकिन, उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी। इसके बाद उसने डाक के माध्यम से 31 मई 2023 को डीआईजी के पास फरियाद पहुंचाई।
कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज
इस मामले में संपर्क करने पर थानाध्यक्ष राजेश सिंह सोलंकी के गनर ने मोबाइल रिसीव कर कहा, थानाध्यक्ष क्राइम मीटिंग में हैं। पुलिस चौकी पीतल नगरी प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बसंती का बेटा चार महीने नैनीताल के थाना काला ढोंगी गया था। वहां किसी बाग में मजदूरी करता था। कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें : मोहम्मद शमी इस समय कहां हैं? क्रिकेटर के चाहने वालों की धड़कन बढ़ी, घर के लोग भी खामोश...जानिए पूरा मामला
