रायबरेली: शादी का झांसा देकर सालों तक करता रहा दुराचार, इंकार करने पर पीड़िता ने दर्ज कराई एफआईआर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लालगंज/रायबरेली, अमृत विचार। रेल कोच कारखाने में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करने वाली एक महिला ने विवाह का झांसा देकर दुराचार करने का मामला दर्ज कराया है। मामले में रेल कोच में ही ठेकेदारी करने वाले घनश्याम सिंह सहित तीन लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने घनश्याम सिंह निवासी सासाराम बिहार और त्रिवेदीपुर मजरे तौधकपुर थाना लालगंज निवासी दीपक सिंह और पूनम सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी करने और दुराचार की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। 

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह रेल कोच कारखाने में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। वहीं पर सासाराम बिहार प्रांत का घनश्याम सिंह भी ठेकेदारी के कार्य से आता था जहां पर उसके साथ उसका मेलजोल हो गया। बाद में घनश्याम सिंह उसे बालेश्वर मंदिर और चंद्रिका देवी मंदिर ले गया जहां ईश्वर को साक्षी मानकर अपनी पत्नी बना लिया। 

इसी बीच घनश्याम सिंह ने योजनाबद्ध तरीके से डकौली गांव ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया और कहा कि शीघ्र ही कानूनी रूप से विवाह कर लेंगे। लेकिन घनश्याम सिंह ने विवाह तो नहीं किया बल्कि दो बार उसका गर्भपात करा दिया। 

उसके द्वारा बार-बार विवाह का दबाव डाले जाने पर घनश्याम सिंह और उसके रिश्तेदार दीपक सिंह व पूनम सिंह ने उसे जातिसूचक गालियां देते हुए कहा कि अपनी जात बिरादरी में जाकर विवाह करो ,ज्यादा नखरा दिखाओगी तो जान से मार डालेंगे। 

महिला ने अपने को ठगा जानकर लालगंज कोतवाली पहुंचकर तीनों लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है ।प्रभारी निरीक्षक शिव शंकर सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर दुराचार सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।

ये भी पढ़ें -गोंडा: प्यार में मिला धोखा तो सुसाइड के लिए रेलवे ट्रैक पर दौड़ पड़ी युवती, सिपाही ने बचाई जान, देखें Video

संबंधित समाचार