प्रयागराज महाकुंभ में लगेंगे किराए के सर्विलांस सिस्टम, संगम नगरी की होगी निगरानी
प्रयागराज, अमृत विचार। वर्ष 2025 में संगम तट पर लगने वाले महाकुंभ की तैयारी जोरों पर चल रही है। इस बार संगम नगरी की निगरानी पिछली बार यानी 2019 से काफी सुव्यवस्थित और बेहतर करने की तैयारी है। करीब डेढ़ साल के बाद आयोजित होने वाले इस महाकुंभ में संगम क्षेत्र की सुरक्षा आधुनिक उपकरणों से की जाएगी। इसके लिए किराए का सर्विलांस सिस्टम लगाया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी प्राइवेट कंपनी करेगी। हालांकि इसका नियंत्रण सरकारी सुरक्षा एजेंसी के हाथ में ही मेला।
संगम नगरी मे लगने वाले महाकुंभ 2025 की तैयारी जोरों पर चल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर संगम तट पर लगने वाले इस महाकुंभ को लेकर जिला प्रशासन काफी सजग और सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने स्मार्ट सिटी लिमिटेड को यह जिम्मेदारी महाकुंभ के लिए सौंपी है। इस बार किराए के सर्विलांस सिस्टम से महाकुंभ की निगरानी करने की तैयारी की जा रही है। सर्विलांस सिस्टम विकसित करने की जिम्मेदारी प्राइवेट कंपनी के हाथ में होगी।
पिछले महाकुम्भ में प्रयागराज सिटी में सभी उपकरण को खरीद कर मेले में लगाया था। इस बार सभी उपकरण किराए पर लिए गए हैं। सुरक्षा के सभी उपकरण आई ट्रिपल सी (इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर) से जोड़े जाएंगे। जिसकी पूरी निगरानी सरकारी सुरक्षा एजेंसी करेगी। महाकुंभ में सिस्टम विकसित करने के लिए प्राइवेट एजेंसियों को शामिल किया गया है।
कंपनी के मैनेजर संजीव सिन्हा ने बताया कि किसी भी बड़े आयोजनों के लिए प्राइवेट एजेंसियों को लगाया जाता है। महाकुंभ में लगने वाले इस सिस्टम का लगभग 15 करोड़ खर्च होने का अनुमान लगाया गया है। उन्होने बताया कि यह कंपनी शहर की भी निगरानी करेगी। 2025 में संगम क्षेत्र मे महाकुंभ समाप्त होने के बाद यह सिस्टम प्रयागराज के तमाम प्रमुख चौराहों पर लगाए जाएंगे। जिससे प्रयागराज की निगरानी की जा सके। महाकुंभ के दौरान प्रमुख चौराहे और प्रमुख स्थलों के साथ संगम क्षेत्र में भीड़ वाली जगह, खोया पाया केंद्र, पार्किंग स्थल व प्रमुख स्थल मे उपकरण की व्यवस्था की जाएगी।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : भाकियू ने डीएम से की पुलिसिया अभद्रता की जांच और कार्रवाई की मांग
