Kanpur News : CSA University में देश भर से आएंगे किसान, आठ से 10 अक्टूबर तक आयोजित हो रहा अखिल भारतीय किसान मेला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर के सीएसए में देश भर से आएंगे किसान।

कानपुर के सीएसए में देश भर से किसान आएंगे। आठ से 10 अक्टूबर को अखिल भारतीय किसान मेला आयोजित हो रहा।

कानपुर, अमृत विचार। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पंजाब, हिमाचल प्रदेश समेत अन्य राज्यों के किसान आएंगे। अपनी सफलता की कहानी सुनाएंगे। खेती में आ रही कठिनाईयों का जिक्र करेंगे, जबकि विश्वविद्यालय से नए तरीके से कृषि से गुर सीखेंगे। विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय किसान मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह आठ से 10 अक्टूबर तक चलेगा। इसके आयोजन को लेकर शुक्रवार को विश्वविद्यालय परिसर में बैठक हुई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अलावा कुछ केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है। 

कुलपति डॉ. आनंद कुमार सिंह के निर्देशन में किसान मेला सलाहकार समिति की बैठक हुई। निदेशक प्रसार डॉ. आरके यादव ने बताया यह मेला मुख्य भवन के सामने परिसर में आयोजित किया जाएगा। इसमें कई प्रगतिशील किसान शामिल होंगे। वे दलहन, तिलहन फसलें, पशुपालन, मत्स्य पालन, फूल व फूलों की खेती के तरीके साझा करेंगे। उनके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय की ओर से मेले को लेकर पदाधिकारियों को जल्द ही जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। 

लगाई जाएगी प्रदर्शनी 

मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम में प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मिट्टी के प्रबंधन से लेकर फसलों की कटाई और उनके प्रबंधन में उपयोग होने वाले उपकरणों को रखा जाएगा। यहां सभी विभागों के विशेषज्ञ शामिल रहेंगे। किसानों के सवालों के जवाब देंगे। 

ड्रोन और रोबोट रहेंगे

किसान मेले में आईआईटी और अन्य संस्थानों की मदद से ड्रोन और रोबोट को मंगवाया गया है। इनकी मदद से फसलों की मॉनीटरिंग की जानकारी दी जाएगी। सीएसए और आईआईटी की ओर से आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और मशीन लर्निंग की सुविधा से लैस रोबोट विकसित किया गया है। 

किसानों को मिलेंगे बीज

यह आयोजन रवि के मौसम में किया जा रहा है। किसानों को मेले के दौरान बीज मिल सकेंगे। उन्हें विश्वविद्यालय की ओर से विकसित किए गए बीजों के संबंध में जानकारी दी जाएगी। बीजों का वितरण सामुदायिक केंद्र के पास किया जा सकता है।

संबंधित समाचार