प्रयागराज : कमिश्नर ने लगाई फटकार, कहा - शाइस्ता और गुड्डू मुस्लिम को जमीन निगल गई या आसमान

Amrit Vichar Network
Published By Pradumn Upadhyay
On

अमृत विचार, प्रयागराज । उमेश पाल हत्याकांड के बाद से फरार चल रही अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन व गुड्डू मुस्लिम की गिरफ्तारी पुलिस के लिए नासूर बनती जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शनिवार को कमिश्नर रमित शर्मा ने अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। जिसमें संबंधित थाना इंचार्ज के साथ अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

कमिश्नर ने बैठक में थाना प्रभारी एसीपी, डीसीपी एसटीएफ प्रभारी समेत सभी को कड़ी फटकार लगाई। मीटिंग में फटकार लगाते ही पुलिस अधिकारियों के तोते उड़ गए। कमिश्नर अमित शर्मा ने कहा कि अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन और गुड्डू मुस्लिम को जमीन निगल गई या आसमान।

आखिर दोनों की गिरफ्तारी क्यों नहीं हो पा रही है। घटना के इतने दिन बाद भी गिरफ्तारी के लिए लगाई गई टीम क्या कर रही है। उन्होंने दोनों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल प्रभाव से कड़ा निर्देश जारी किया है। पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा का मानना है कि शाइस्ता अतीक के गैंग आईएस-227 को चला रही है।

पुलिस का मानना है कि अतीक और अशरफ की हत्या के बाद गैंग आईएस-227 और सक्रिय हो गया है। कमिश्नर रमेश शर्मा ने संबंधित थाना प्रभारी और एसीपी को ताबड़तोड़ दबिश देने के साथ जल्दी गिरफ्तारी करने का आदेश दिया है।

ये भी पढ़ें - बहराइच : घर में घुसे चोरों ने लाखों के जेवरात उड़ाए, आठ लाख से अधिक की संपत्ति हुई चोरी

संबंधित समाचार