अयोध्या : मंडलायुक्त ने की समीक्षा बैठक, ध्वस्तीकरण को लेकर जेसीबी बढ़ाने के दिए निर्देश
अयोध्या, अमृत विचार। परिक्रमा मार्गों के चौड़ीकरण की कार्रवाई में तेजी आनी शुरू हो गई है। विवादित भूखंडों की सूची बनाने व आपसी सुलह समझौते से विवाद का निस्तारण कराया जाएगा। इसके बाद भूखंड स्वामियों से सहमति प्राप्त करते हुए कब्जा प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ध्वस्तीकरण को लेकर जेसीबी बढ़ाने और कार्य में तेजी लाने को भी कहा गया है।
मंडलायुक्त गौरव दयाल की अध्यक्षता में चौदहकोसी एवं पंचकोसी परिक्रमा मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण संबंधी कार्यों के प्रगति की समीक्षा बैठक आयुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। मंडलायुक्त ने पंचकोसी, चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग के चौडीकरण से प्रभावित सभी भूस्वामियों के रजिस्ट्री की प्रगति आदि संबंधी जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की तथा जिन बैनामो में समस्यायें आ रही थी उनके सम्बन्ध में एक-एक कर जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बन्धित को आवश्यक दिशानिर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विवादित भूखंडों के मामले में सहमति प्राप्त करते हुए कब्जा प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
बैनामे और मुआवजा वितरण के उपरांत जनौरा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर कब्जा प्राप्ति की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इसी सप्ताह में सभी बैनामे और आरएंडआर का वितरण सुनिश्चित कराते हुए ध्वस्तीकरण हेतु जेसीबी की संख्या बढ़ाई जाय तथा निरंतर अंतराल पर जेसीबी के माध्यम से ध्वस्तीकरण वृहद स्तर पर किया जाये। जिलाधकारी नितीश कुमार ने कहा कि 14 कोसी व पंचकोसी परिक्रमा मार्ग में चौराहों,मोड़ों और जिन स्थलों पर जनसुविधाओं हेतु अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता हो उन स्थलों पर इसी समय अतिरिक्त भूमि का क्रय कर लिया जाय जिससे कि बाद में कोई समस्या न उत्पन्न हो।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : परिवहन निगम को राज्य आपदा विभाग करेगा 3 अरब 48 करोड़ बकाया का भुगतान
