Chitrakoot: एक दिन पहले पत्नी ने की थी आत्महत्या, अगले दिन पति का रेलवे ट्रैक पर मिला शव, परिजनों ने हत्या की जताई आशंका
चित्रकूट में पत्नी की आत्महत्या के बाद ट्रैक पर मिला युवक का शव।
चित्रकूट के रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की पत्नी ने एक दिन पहले आत्महत्या की थी।
चित्रकूट, अमृत विचार। मगरहा रेलवे स्टेशन के पास एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक की पत्नी ने एक दिन पहले आत्महत्या की थी और उसका अंतिम संस्कार भी नहीं हुआ था कि युवक की मौत से घर में सन्नाटा पसर गया। मृतक के भाई ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के मुताबिक, घूरपुर थानांतर्गत देवरिया निवासी भूपेंद्र भारती (25) उर्फ राहुल का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। उसके भाई आनंद ने बताया कि भूपेंद्र की पत्नी करिश्मा ने बीती छह जुलाई को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अभी उसका अंतिम संस्कार भी नहीं हुआ था कि भूपेंद्र घर से गायब हो गया। बाद में उसका शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। आनंद ने अपने भाई की हत्या की आशंका जताई है।
जीआरपी प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हालांकि समाचार भेजे जाने तक किसी तरह की तहरीर नहीं दी गई थी। इस संबंध में मानिकपुर एसओ के क्राइम मीटिंग में होने की वजह से ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी। दंपति के दो अबोध बच्चे हैं, जो अनाथ हो गए।
