रामपुर: हंसिया से हमलाकर दो लोगों को मौत के घाट उतारा

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई वारदात, कोसी पुल के नीचे मिले शव

रामपुर: हंसिया से हमलाकर दो लोगों को मौत के घाट उतारा

रामपुर, अमृत विचार। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मामूली बात को लेकर हुए विवाद में दो लोगों को हंसिया से हमलाकर घायल कर दिया। जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मौके पर पहुंच गए।

जिला मुरादाबाद के थाना मूंढापांडे के गांव नियामतपुर गोटिया निवासी मुर्तजा अली (50) पेशे से ई-रिक्शा चालक था। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंसूरपुर निवासी कल्लू (50) भी ई-रिक्शा चालक था।

इनके साथ इरफान, सतवीर और सद्दाम भी साथ थे। पांचों लोग शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कोसी पुल के नीचे नशा कर रहे थे। किसी बात को लेकर विवाद हो जाने पर आपस में मारपीट हो गई। जिसके चलते पास में ही रखी हंसिया से मुर्तजा अली और कल्लू पर हमला करके घायल कर दिया।

दोनों खून में लथपथ वहीं पड़े रहे। इस बीच इनके एक साथी सतवीर ने किसी तरह से कल्लू के बेटे बदलू को फोन करके घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंच गए। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।

डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डबल मर्डर की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला, एएसपी डा. संसार सिंह, सीओ अरुण कुमार सिंह, सिविल लाइन प्रभारी शरद पवार मौके पर पहुंच गए।

मौके पर डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। मौके पर खड़े लोगों से जानकारी ली। मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।  

कोसी पुल के नीचे पांच लोग बैठकर नशा करते थे। शाम को किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। पास में ही पड़ी हंसिया से मुर्तजा और कल्लू पर हमला कर दिया। कल्लू की अस्पताल में मौत हो गई। जबकि मुर्तजा की मौके पर ही मौत हो गई।

शव को जिला अस्पताल भेज दिया है। फरार तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मौके से सुल्फा, भांग के सूखे पौधे और माचिस मिली है।  - अशोक कुमार शुक्ला, एसपी।