Kannauj में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने पकड़ा खेल, आधार आईडी का बनाया क्लोन, कंप्यूटर ऑपरेटर बर्खास्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने पकड़ा खेल।

कन्नौज में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने खेल पकड़ा। आधार कार्ड का क्लोन बनाने पर कंप्यूटर ऑपरेटर को बर्खास्त कर दिया।

कन्नौज, अमृत विचार। ब्लॉक संसाधन केंद्र छिबरामऊ में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर ने क्लोन तकनीक से आईडी बनाकर आधार कार्ड बनाए। एक ही समय में दो आधार कार्ड बनने से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने खेल पकड़ लिया और बीएसए को अवगत कराया। जांच के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कंप्यूटर ऑपरेटर को बर्खास्त कर दिया। मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी को दी गई है। 

ब्लॉक संसाधन केंद्र छिबरामऊ में आउटसोर्सिंग से तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर उज्ज्वल यादव ने आधार आईडी का क्लोन बनाकर किसी दूसरे को दे दी। उसने भी कई लोगों के आधार कार्ड बनाए। मामला तब पकड़ में आया, जब एक ही आईडी से दो आधार कार्ड पोर्टल पर एक ही समय में फीड हो गए। ऐसे में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने खेल को पकड़ लिया।

यूआईडीएआई ने जब आईपी (इंटरनेट प्रोटोकॉल) का एड्रेस चेक किया तो पता चला कि एक ही लॉग-इन से दो अलग-अलग स्थानों से आधार कार्ड बनाए या संशोधित किए जा रहे हैं, जो संभव नहीं है। मामले में गड़बड़ पाए जाने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया गया। एमआईएस प्रभारी उदित शुक्ल ने जांच की तो सही पाया गया। इसी आधार पर बीएसए कौस्तुभ कुमार सिंह ने कंप्यूटर ऑपरेटर को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया। 

एक ही आईडी से दो स्थानों पर आधार कार्ड बनाने की शिकायत पर कंप्यूटर ऑपरेटर को हटा दिया गया है। अब नए कंप्यूटर ऑपरेटर की भर्ती की जाएगी, इसके लिए आवेदक को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) की विशेष परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी।- डॉ. विमल तिवारी, खंड शिक्षा अधिकारी

संबंधित समाचार