मध्यप्रदेश के पारदी गैंग ने डाली थी Kannauj में डकैती, पांच डकैत गिरफ्तार, पुराना कार चालक निकला मास्टरमाइंड
कन्नौज में हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा किया।
कन्नौज में हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस की छह टीमों ने पांच डकैत को गिरफ्तार कर लिया। डकैती की घटना में पुराना कार चालक ही मास्टरमाइंड निकला।
कन्नौज, अमृत विचार। करीब 12 दिन पहले शहर के मकरंदनगर के मोहल्ला यूसुफपुर भगवान में पड़ी डकैती मध्यप्रदेश के शातिर पारदी गैंग ने डाली थी। घटना के बाद से खुलासे के लिए लगाई गई छह पुलिस टीमों ने मध्यप्रदेश व प्रयागराज के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्ज से करीब पांच लाख रुपये तथा लूटी गई रिवॉल्वर के अलावा घटना में प्रयुक्त ओमनी वैन बरामद की है। घटना में तीन अभियुक्त फरार हैं। जेवर की बरामदगी नहीं हो सकी है।
रविवार को दोपहर बाद पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने डकैती का खुलासा करते हुए उक्त जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि शहर के बीचोबीच इत्र कारोबारी विमलेश तिवारी उर्फ विम्मू के यहां पड़ी डकैती पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। खास बात यह थी जिस गैंग ने डकैती डाली थी उसने कोई सुराग नहीं छोड़ा था।
इस घटना की जड़ तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी खंगाले गए जिसमें घटना की रात एक ओमनी वैन का प्रयोग होना ट्रेस हुआ। फिर भी मुश्किल यह थी कि रात होने से वैन का नंबर पढ़ने में नहीं आ रहा था। लगभग ढाई सौ सीसीटीवी कैमरों की चार दिन रिकॉर्डिंग खंगालने के बाद कानपुर पहुंचने पर जब कुछ उजाला हो गया होगा तब उसका नंबर पढ़ा जा सका।
इसके जरिये वैन मालिक तक पहुंचे तो उसने बताया कि उसका सगा साला अखिलेश जोशी पुत्र स्व. छोटेलाल निवासी घिमऊ थाना बिल्हौर जनपद कानपुर नगर 28 जून को उसकी वैन संख्या यूपी 78सीटी 5872 ले गया था जिसे अगले दिन सुबह वापस खड़ा कर गया था। यहीं से पुलिस ने छानबीन शुरू की तो पता चला कि अखिलेश पूर्व में डकैती पीड़ित विमलेश तिवारी के संपर्क में रहा है। इससे वह उनके बारे में अच्छी तरह से सबकुछ जानता था।
इसका फायदा उठाते हुए उसने अन्तर्राज्यीय पेशेवर शातिर पारदी गैंग के अपराधी सूरज पुत्र अनारद निवासी ग्राम सेवड़ा थाना सुभाषपुरा जनपद शिवपुरी मध्यप्रदेश के साथ मिलकर डकैती की योजना बनाई। रेकी करने के बाद योजनाबद्ध ढंग से डकैती की घटना को अंजाम दिया गया जिसमें कारोबारी के घर से 7.30 लाख नकदी, जेवर के अलावा लाइसेंसी रिवॉल्वर लूट ली गई।
आठ जुलाई को सुरागरसी में लगी पुलिस टीमों ने मानीमऊ रेलवे स्टेशन के पास से अखिलेश जोशी पुत्र स्व.छोटेलाल के अलावा सुल्तान मोगिया पुत्र धीरज सिंह निवासी सित्रवासा चक थाना कैंट जनपद गुना मध्य प्रदेश, मनोज उर्फ मनोहर पारदी पुत्र रूप सिंह निवासी माधौगढ़ थाना कचनार जिला अशोक नगर मध्य प्रदेश को तथा दो अन्य दादाराम उर्फ दाताराम पुत्र गोलमया उर्फ गोलन उर्फ कन्हैयालाल निवासी ग्राम मुरादनगर, थाना रुटियाई जिला गुना, मध्यप्रदेश हाल पता ग्राम सिमरा कल्पना थाना घूरपुर जनपद प्रयागराज, उत्तर प्रदेश व जादव पुत्र संजू निवासी सिमरा थाना घूरपुर जनपद प्रयागराज को गिरफ्तार कर लिया। इसमें से दादाराम से लूटी गई रिवॉल्वर, 15 कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
अभियुक्तों से व उनकी निशानदेही पर अखिलेश जोशी के घर से कुल पाच लाख दो हजार छह सौ रुपये बरामद किए गए। एसपी ने जानकारी दी कि अभियुक्तों से पूछताछ में तीन और नाम क्रमश: गैंगलीडर सूरज पारदी पुत्र अनारद पारदी निवासी सेवड़ा, थाना सुभाषपुरा, जनपद शिवपुरी मध्यप्रदेश, नासिर पुत्र सूरत पारदी व विक्की पारदी पुत्र रूप सिंह निवासी ग्राम माधौगढ़ थाना कचनार जिला अशोकनगर, मध्यप्रदेश प्रकाश में आए हैं। इनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही इनको भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। खुलासा करने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक ने 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है तथा पारदी गैंग लीडर पर एक लाख के इनाम की संस्तुति की है।
