Kanpur में अजब-गजब मामला आया सामने, मंदिर से चप्पल गायब होने पर दर्ज कराई रिपोर्ट, पीड़ित ने पुलिस से किया अनुरोध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में मंदिर से चप्पल गायब होने पर पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट।

कानपुर में मंदिर से चप्पल गायब होने पर पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई। रविवार को युवक भैरव मंदिर दर्शन करने गया था।

कानपुर, अमृत विचार। शहर भर के थानों में आए दिन गुमशुदगी के मुकदमें दर्ज होते है, लेकिन रविवार को एक गुमशुदगी का ऐसा मुकदमा दर्ज किया गया जो कि हैरान करने वाला था। रविवार को एक भक्त मंदिर में दर्शन करने गया। लौटने पर हवाई चप्पल गायब मिलने से इतना आहत हुआ कि उसने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने के बाद मामला सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।

दबौली निवासी कांति शरण निगम प्राइवेटकर्मी है। रविवार को ग्वालटोली थानाक्षेत्र के भैरव मंदिर दर्शन करने गए थे। उन्होंने हवाई चप्पल मंदिर से बाहर उतार दी और दर्शन मंदिर में चले गए। दर्शन के बाद लौटे तो उन्हें चप्पल स्थान पर नहीं मिली, जिसके बाद कांति नंगे पैर ही घर वापस आए। घटना से आहत होकर उन्होंने यूपी पुलिस की वेबसाइट पर खोया पाया विभाग में अपनी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।

कांति ने बताया कि मंदिर से कोई भी चीज गायब होना भक्त की आस्था के साथ खिलवाड़ है। उनका ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने का उद्देश्य पुलिस प्रशासन को सचेत करना है, जिससे मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कराई जाए।

पीड़ित ने  ऑनलाइन शिकायत में हवाई चप्पल का बकायदा विवरण देते हुए बताया है कि नीले रंग की दानेदार सात नंबर की रबड़ की चप्पल मंदिर में फूल बेचने वाली दुकान के पास किनारे उतारी थी, जो वापस आने पर नहीं मिली। यह चप्पल उन्होंने अपनी ईमानदारी की कमाई से खरीदी थी। कांति ने पुलिस से अनुरोध किया है कि वह उसकी खोई हुई चप्पल तलाश कर दे। शिकायत दर्ज होने के बाद से शिकायती पत्र सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

संबंधित समाचार