हल्द्वानी: कुमाऊं में आधे से अधिक अभ्यर्थियों ने नहीं दी समूह-ग की परीक्षा
नैनीताल में 63 प्रतिशत अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय समूह-ग की परीक्षा में इस बार ज्यादातर अभ्यर्थी नदारद रहे। पेपर लीक प्रकरण के बाद प्रदेश में रविवार को दोबारा इस परीक्षा का आयोजन किया गया। मगर इस बार कम ही अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। कुमाऊं के 6 जिलों से करीब 75 हजार अभ्यर्थी समूह की परीक्षा के लिए पंजीकृत थे। मगर 50 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
सुबह 11 से दिन में 1 बजे तक सभी केंद्रों पर परीक्षा हुई। नैनीताल जिले में परीक्षा के लिए 89 केंद्र बनाए गए थे। 30456 परीक्षार्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत रहे। मात्र 11518 ने परीक्षा थी। 63 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा में शामिल नहीं हुए। लगभग हर जिले का यही हाल रहा है। किसी भी जिले से 50 प्रतिशत अभ्यर्थी भी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। चंपावत में सबसे अधिक 48 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
कांवड़ यात्रा के कारण हरिद्वार के युवाओं ने भी हल्द्वानी और अन्य जगह बनाए गए केंद्रों में परीक्षा दी। दो घंटे के प्रश्नपत्र में 100 नंबर के प्रश्न पूछे गए। सामान्य हिंदी, सामान्य ज्ञान एवं सामान्य अध्ययन, राज्य से संबंधित विविध जानकारी पर प्रश्न पूछे गए। परीक्षा में पूछे गए सवालों को लेकर अभ्यर्थियों की मिली जुली राय रही। ज्यादातर अभ्यर्थियों ने पेपर लीक का दुख जताया। कहा कि पहली बार का प्रश्नपत्र आसान था। इस बार कठिन प्रश्न पूछे गए। नोडल अधिकारी शिव चरण द्विवेदी ने बताया कि सभी केंद्रों पर शांति पूर्वक परीक्षा हुई।
कहां कितने अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
जिला कुल परीक्षार्थी उपस्थित परीक्षार्थी
उधमसिंहनगर 25473 9566
नैनीताल 30456 11518
अल्मोड़ा 8520 3412
बागेश्वर 3329 1435
पिथौरागढ़ 6393 3056
चम्पावत 3131 1506
