अयोध्या : सावन के पहले सोमवार को लेकर हुआ रुट डाइवर्जन
अयोध्या, अमृत विचार। सावन माह के पहले सोमवार पर 10 जुलाई को रामनगरी में सरयू स्नान और नागेश्वरनाथ व अन्य शिवालयों पर जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर यातायात पुलिस ने रुट डाइवर्जन लागू कर दिया है। हालंकि ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों को भीड़ के दबाव के आधार पर डाइवर्जन का अनुपालन कराने को कहा गया है।
पुलिस कार्यालय की ओर से बताया गया कि सावन के पहले सोमवार को लेकर आवश्यक सेवाओ से जुड़ें वाहनों को छोड़कर शनिवार की सुबह 8 बजे से यातायात प्रतिबंध लागू किया गया है, जो मंगलवार दोपहर तक जारी रहेगा। इस दौरान रामनगरी में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और फैजाबाद शहर की तरफ से अयोध्या धाम आने वाले कामर्शियल वाहन आटो-विक्रम गुप्ता होटल चौराहे से महोबरा चौराहा, आशिफ बाग चौराहा, रामघाट चौराहा तथा अयोध्या धाम निवासियों के वाहन परिक्रमा मार्ग के रास्ते गैस गोदाम, चक्रतीर्थ व महोबरा होते हुए अपने गन्तव्य को जायेगे। गोण्डा की तरफ से आने वाले सभी प्रकार के वाहन लकडमण्डी चौराहे से हाइवे लोलपुर बस्ती की तरफ डायवर्ट होंगे और वाह्य जनपद से आने वाले सभी प्रकार के वाहन हनुमानगुफा तक आने दिए जाएंगें। रामनगरी में बन्धा तिराहा नयाघाट, दीनबन्धु अस्पताल से छोटी छावनी, रामघाट चौराहे से हनुमानगढ़ी व श्रीराम अस्पताल तिराहा से हनुमानगढ़ी चौराहा की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबन्धित रहेगा।
यह भी पढ़ें : अयोध्या : बसों में गंदगी मिली तो अधिकारी होंगे जिम्मेदार
