Kanpur: थाने के लॉकअप में प्रेमी खा गया छिपकली, पुलिसकर्मियों के फूले हाथ-पांव, बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लाए थे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में प्रेमी ने थाने के लॉकअप में छिपकली निगली।

कानपुर के साढ़ थानाक्षेत्र में प्रेमी ने थाने के लॉकअप में छिपकली निगल ली। प्रेमी के थाने में छिपकली निगलने पर पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए।

कानपुर, अमृत विचार। साढ़ थाने में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, लॉकअप में एक प्रेमी ने छिपकली निगल ली। सुबह छिपकली निकलने के बाद जब दोपहर में हालत खराब हुई तो पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। फौरन उसे सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में हैलट कानपुर रेफर कर दिया गया। प्रेमी युगल को शनिवार को ही बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लाया गया था।

फतेहपुर जनपद के मलवां थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव निवासी बाबूलाल के पुत्र महेश कुमार का भीतरगांव ग्राम पंचायत के मजरा खदरी निवासी एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे के बिना रह नहीं पाने और साथ जीने-मरने की कसमें खाने लगे थे। करीब एक महीने पहले दोनों ने घर छोड़कर भागने की योजना बनाई। योजना के तहत प्रेमी महेश कुमार भीतरगांव पहुंचा, जहां प्रेमिका के मिलने के बाद दोनों चुपचाप निकल भागे। लड़की के गायब होने पर परिवार ने पहले तो खोजबीन की और फिर कोई सुराग नहीं लगने पर साढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस प्रेमी युगल की बराबर तलाश कर रही थी। पुलिस की जांच और सर्विलांस की मदद लिए जाने के बाद दोनों की लोकेशन बेंगलुरु में मिली। लोकेशन मिलने के बाद पुलिस बेंगलुरु पहुंची, जहां दोनों को बरामद कर लिया। वहां हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस दोनों को लेकर शनिवार शाम साढ़ लौटी, जहां प्रेमी महेश कुमार को लॉकअप में डाल दिया गया, जबकि महिला लॉकअप नहीं होने पर प्रेमिका को महिला पुलिस की निगरानी में रखा गया।

रविवार की सुबह लगभग सात बजे प्रेमी महेश ने लॉकअप के अंदर ही छिपकली मारकर निगल ली। इससे धीरे-धीरे उसकी हालत बिगड़ने लगी। उसकी हालत देखकर पुलिस ने पूछताछ की तो दोपहर 12 बजे उसने बताया कि सुबह छिपकली मारकर खा ली है। यह सुनकर पुलिस के होश फाख्ता हो गए। पुलिस ने उसे उल्टी कराने का प्रयास किया। उल्टी कराने में छिपकली की पूंछ तो बाहर निकल आई, परंतु उसकी हालत बिगड़ती देख पुलिस के हाथ-पैर फूलने लगे। 

पुलिस फौरन उसे लेकर भीतरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया। कानपुर हैलट में उसे भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। उसकी हालत अभी चिंताजनक बनी है। साढ़ थाना प्रभारी विजय शुक्ला ने बताया कि युवक ने छिपकली खाने की बात बताई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

रांग नंबर से शुरू हुई प्रेम कहानी

बताते हैं कि इन दोनों की प्रेम कहानी की शुरुआत भी अजीब है। बताया जा रहा है कि प्रेमी महेश कुमार ने अपने एक परिचित को फोन मिलाया तो काल दूसरे नंबर पर पहुंच गई। यह नंबर इस लड़की (प्रेमिका) का था। पहले तो उसने सॉरी बोल रांग नंबर मिलने की बात कही, मगर बातों-बातों में सिलसिला आगे बढ़ गया। दोनों के बीच अक्सर फोन पर बात होने लगी और फिर बातें प्यार में बदल गईं। आखिर दोनों का प्रेम इतना परवान चढ़ा कि घर से भाग कर शादी करने का फैसला कर लिया।

प्रेमी का परिवार अस्पताल पहुंचा

प्रेमी युगल को बेंगलुरु में पकड़े जाने और फिर रविवार को थाने के लॉकअप में प्रेमी के छिपकली खाने की सूचना मिलने के बाद महेश के परिवार वाले सीधे हैलट अस्पताल पहुंच गए हैं। उधर, प्रेमिका के परिवार वाले साढ़ थाने पहुंचे और बेटी का हालचाल लिया। बताते हैं कि दोनों एक ही बिरादरी के हैं। हालांकि लड़की के अभी नाबालिग होने की बात कही जा रही है।

भगाने में एक महिला भी आरोपी बनी

लड़की के गायब होने के बाद उसके पिता ने साढ़ थाने में 14 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में परिवार की ही एक महिला को आरोपी बनाया गया। बताया गया कि वह महिला उसकी बेटी को कपड़ा खरीदने के बहाने बाजार ले गई, जहां उसे एक मोबाइल दिया और फिर युवक के साथ भेज दिया। युवक को अज्ञात दर्शाया गया था।

संबंधित समाचार