Farrukhabad News : कायमगंज के चीनी मिल के टैंक में उतराता मिला शव, हत्या कर फेंकने की आशंका
फर्रुखाबाद में कायमगंज के चीनी मिल के टैंक में उतराता मिला शव।
फर्रुखाबाद में कायमगंज के चीनी मिल के टैंक में शव उतराता मिला। एसपी समेत थाने की फोर्स मौके पर पहुंची।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। कायमगंज के सहकारी चीनी मिल के टैंक में सोमवार को एक युवक का शव पानी मे उतराता मिला। शव मिलते ही सनसनी फैल गई।
कायमगंज चीनी मिल का टैंक मिल के बाहर बना हुआ है। आज चीनी मिल में साफ सफाई का काम चल रहा था। कर्मचारी जब साफ सफाई करने टैंक के पास गए तो उसमें शव उतराता देख उन्होंने भाग कर यह सूचना अपने साथियों को दी। चीनी मिल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया ,लेकिन शव की शिनाख्त नही हो सकी।
पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समझा जाता है कि किसी व्यक्ति ने युवक की हत्या कर शव टैंक में फेंक दिया। कायमगंज चीनी मिल नगर से काफी दूर बना हुआ है। मिल के आसपास झाड़ झंखाड़ होने की वजह से कर्मचारी उधर बहुत कम जाते हैं। पुलिस का कहना है कि शव पर कोई जाहिरा चोट का निशान नही है। पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। एसपी विकास कुमार ने बताया कि मामले की पुलिस जांच कर रही है। गुण दोष के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।
