बरेली जिला अस्पताल: बाहर कीचड़ से दलदल...अंदर सीवर के पानी की कलकल, लोग हुए परेशान
बारिश में पहुंचे मरीजों ने तीसरे दिन भी दुश्वारियां झेलीं, दिव्यांगों का और ज्यादा बुरा हाल
फोटो- जिला अस्पताल स्थित सीएमओ कायार्लय में हुआ जल भराव
बरेली, अमृत विचार। जिला अस्पताल आने वाले मरीजों को सोमवार को बारिश होने के बाद और ज्यादा मुश्किलें झेलनी पड़ीं। मुख्य सड़क पर कीचड़ और दलदल से होते हुए अंदर पहुंचे तो यहां भी हिलोर मार रहे सीवर के पानी को पार करके ओपीडी तक पहुंचना पड़ा। सोमवार को सीएमओ ऑफिस में दिव्यांग प्रमाणपत्र बनते हैं, लिहाजा जिले भर से आए दिव्यांगों को भी इसी समस्या से जूझना पड़ा।
जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर कुतुबखाना फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है। जिला पंचायत की तरफ वाला रास्ता भी बंद कर दिया गया है। मरीजों के लिए कोतवाली की ओर से आने वाली एक लेन खोली गई है जो काफी संकरी होने के कारण मरीजों के साथ एंबुलेंस आने में भी काफी दिक्कत हो रही है। रही-सही कसर लगातार हो रही बारिश ने पूरी कर दी गई है। भीषण कीचड़ से अटे रास्ते पर लोग फिसलकर गिर रहे हैं।
ओपीडी के बाहर सीवर के पानी की हिलोरें
हर सप्ताह सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में हजारों मरीज पहुंचते हैं। इस बार सुबह से तेज बारिश होने के कारण ओपीडी, बच्चा वार्ड, ओटी समेत कई वार्डों के बाहर पानी भर गया। अस्पताल आने वाले मरीजों को ओपीडी तक पहुंचने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा।
दिव्यांगों की और ज्यादा मुसीबत
सोमवार को दुश्वारियां झेलते हुए जिला अस्पताल पहुंचे दिव्यांग और ज्यादा मुसीबत में घिर गए। सीएमओ कार्यालय में जलभराव को पार करना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया।
यह भी पढ़ें- कक्षा 9-11 में ऑनलाइन पंजीकरण और प्रवेश की अंतिम तिथि 5 अगस्त, जानें डिटेल्स
