Sawan 2023: Etawah में सावन के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्तों ने जयकरों के साथ किए दर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में सावन के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब।

इटावा में सावन के प्रथम सोमवार पर शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ा। शिव शंभू के जलाभिषेक को भोर से भक्तों की लाइनें लग गई थी।

इटावा, अमृत विचार। सावन के प्रथम सोमवार पर जिले के प्रमुख शिवालयों के अलावा अन्य शिवालयों में भगवान का जलाभिषेक व पूजन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। प्रथम सोमवार पर शिव वास के साथ सुकर्मा योग और रेवती नक्षत्र भी था इसी के चलते और भी ज्यादा भक्तों की भीड़ मंदिरों पर रही। दोपहर मे हुई हल्की बारिश ने मंदिरों के बाहर लगने मेलों का मजा भी किरकिरा किया। लेकिन शाम के समय भगवान के विशेष श्रृंगार दर्शन के लिए मंदिरों में भक्तों की लंबी लाइनें लगी रही।

हर तरफ बम बम भोले के जयघोष गुंजायमान होते रहे। जिले के प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सोमवार पर माता गौरी के साथ शिववास भी था। शिववास में रुद्राभिषेक का विशेष महत्व होता है इसी के चलते कई मंदिरों के साथ घरों में रुद्राभिषेक के कार्यक्रम आयोजित किए गए। शहर के अधिकतर शिवालयों में देर शाम भगवान का रंग बिरंगे फूलों से आकर्षक श्रंगार किया गया था।

फ्रेंड्स कॉलोनी के ज्ञान मंदिर, टिक्सी महादेव मंदिर,छैराहा स्थित शिव नारायण ईश्वर महादेव मंदिर,महेरा मंदिर, स्टेशन बजरिया स्थित आनंदेश्वर महादेव मंदिर पर विशेष श्रृंगार किया गया था।

नीलकंठ मंदिर पर सुबह से शुरू हो गया था जलाभिषेक

शहर के लालपुरा स्थित प्राचीन नीलकंठ महादेव मंदिर पर भोर की बेला से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। यहां पर मंदिर के गर्भ गृह में भक्तों ने भगवान का जलाभिषेक व पूजन अर्चन किया। पूजा अर्चना के लिए दोपहर तक भक्तों की लंबी लाइनें लगी रही। देर शाम यहां पर भगवान का रंग बिरंगे खुशबूदार फूलों से आकर्षक श्रंगार हुआ। श्रंगार दर्शनों के लिए भी देर रात तक भक्तों की भीड़ रही। मंदिर के बाहर मेला भी आयोजित किया गया है। यहां पर भीड़ के चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।

संबंधित समाचार