Sawan 2023 : Jalaun के शिव मंदिरों में भक्तों का लगा तांता, जयकारों से गूंज उठे मंदिर
जालौन के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब।
जालौन के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब। शिव मंदिरों में पूजा पाठ हुई। इसके साथ ही शिव मंदिरों में अभिषेक किया गया।
जालौन, अमृत विचार। सावन माह के पहले सोमवार को जिले भर में शिवालयों में श्रद्धा का सैलाब देखने को मिला। पूरे भाव के साथ भोलेनाथ की पूजा अर्चना की गई। शहर से लेकर गांव क्षेत्रों में बने ऐतिहासिक व प्रसिद्ध शिवालयों में हवन पूजन के साथ भोलेनाथ का अभिषेक किया गया। भक्तों ने दूध, दही, जल, शहद आदि से स्नान कराकर परिवार की सुख शांति और खुशहाली की कामना की।
सावन माह का पहला सोमवार होने से शहर के हुल्की माता मंदिर, काली माता मंदिर, बडी माता मंदिर के अलावा महाकालेश्वर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने जाने का क्रम शुरू रहा। पूजा की थाली सजाकर शिवालय पहुंचे भक्तों ने विधि विधान के साथ पूजा पाठ किया। इसके अलावा दूध, दही और जल आदि से रुद्राभिषेक कर मत्था टेका।कई जगहों पर परिवार के लोगों ने रुद्राभिषेक कर मनोकामनाएं पूरी किए जाने की अर्जी लगाई। वहीं, कई शिवालयों में हवन पूजन के साथ अखंड पाठ का आयोजन किया गया।
इसमें श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पाठ किया औैर समापन पर प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से शुरू हुआ श्रद्धालुओं का सिलसिला शाम तक बराबर जारी रहा। इसके चलते दिनभर शिवालयों में हर हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। तमाम परिवारों ने सावन के पहले सोमवार के मौके पर उपवास रखकर भोलेनाथ की आराधना की। खासकर घरों में ढोलक, बंजारे के साथ महादेव का गुणगान किया। इसी तरह आचार्य संस्कृत महाविद्यालय राम नगर, गुरु का इटौरा स्थित संस्कृत महाविद्यालय में भी शिक्षकों की मौजूदगी में लोगों ने रुद्राभिषेक कर भोलेनाथ का जाप किया।
