बरेली: 2023-24 के लिए 550 करोड़ का बजट कार्यकारिणी ने किया पास
20 वार्डों की सफाई व्यवस्था निजी हाथों में जाएगी, डोर टू डोर कूड़ा उठाने के लिए हुआ नया टेंडर
फोटो- मेयर कक्ष में कार्यकारिणी के साथ बजट बैठक करते मेयर डा. उमेश गौतम व नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स।
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम कार्यकारिणी ने वर्ष 2023-24 के लिए कुछ संशोधनों के साथ 550 करोड़ का बजट पास कर सदन के लिए भेज दिया। अब इस पर 80 वार्डों के पार्षदों की बोर्ड बैठक में चर्चा की जाएगी। अभी तक शहर के 10 वार्डाें में सफाई व्यवस्था निजी हाथों में थी अब इसे 20 वार्डों में किया जाएगा। इस कार्य में तीन करोड़ रुपये अतिरिक्त लगेंगे। इस पर सदन में चर्चा के बाद निर्णय किया जाएगा। बैठक में उपसभापति सर्वेश रस्तोगी शहर के बाहर होने के कारण उपस्थित नहीं थे। शहर में टैक्स से 150 करोड़ रुपये वसूलने का टैक्स विभाग को लक्ष्य दिया है।
मेयर डाॅ. उमेश गौतम के कक्ष में हुई नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में वर्ष 2023-24 के लिए बजट बैठक में 550 करोड़ का बजट पास हुआ। इसमें ठेके की सफाई में पिछले साल 12 करोड़ रुपये खर्च किये गये थे। इस बार इसमें 15 करोड़ का खर्च होना आंका गया है। संपत्ति कर में बढ़ोत्तरी भी तय की गई है। पिछली बार इस मद में 85 करोड़ रुपये वसूलना था लेकिन इस बार 6 करोड़ की वृद्धि करते हुए 91 करोड़ का लक्ष्य तय किया गया है। हाउस टैक्स में भी तीन करोड़ की वसूली बढ़ाने का लक्ष्य तय है।
मेयर डाॅ. उमेश गौतम ने कहा कि निगम की दुकानों का किराया बहुत पुरानी दर पर चला आ रहा है। शहर के विकास में दुकानें पॉश इलाके में आ गई हैं। ऐसे में उनका किराया भी मौजूदा बाजार दर पर आना चाहिए। उन्होंने अफसरों से कहा कि दुकान का किराया मार्केट रेट से तय करें और अगले सदन की बैठक में इसे रखकर इसी वित्तीय वर्ष से लागू करें।
काम शुरू नहीं करने वाले ठेकेदार ब्लैकलिस्ट होंगे
बैठक में पार्षदों ने कहा कि निर्माण कार्य नहीं हो रहे हैं। इस पर उन्होंने एक वित्तीय वर्ष पहले वर्क आर्डर लेने के बाद भी काम शुरू नहीं करने वाले ठेकेदारों को चिह्नित कर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से कहा कि ठेकेदारों को कितना भुगतान करना है। इसकी सूची बनाकर दें।
आईवीआरआई और रुहेलखंड विश्वविद्यालय बड़े बकायादार
कार्यकारिणी बैठक में यह भी कहा गया है कि आईवीआरआई और रुहेलखंड विश्वविद्यालय बड़े बकायादार हैं। इन पर सख्ती की जानी चाहिए। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि आईवीआरआई का केस कोर्ट में चल रहा है। इस पर मेयर ने प्रकरण को गंभीरता से देखते हुए इसे निस्तारण करने की बात कही। रेलवे डीआरएम कार्यालय, डीजल शेड, रेलवे कारखाना पर भी टैक्स वसूलने की बात हुई तो अफसरों ने बताया कि अन्य निगमों में रेलवे से सर्विस चार्ज वसूला जाता है। मेयर ने कहा कि सर्विस चार्ज का प्रस्ताव बनाएं और वसूली कराएं।
कमरे में होती रही बैठक, बाहर हो रही बारिश का पता नहीं चला
सुबह लगभग 11 बजे नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई थी। बैठक के समय तक मौसम साफ था और बारिश के आसार भी नहीं थे। कमरे में बैठक शुरू हुई तो बाहर जोरदार बारिश होने लगी। शहर में हर तरफ जलभराव हो गया लेकिन अफसरों और पार्षदों को बारिश होने का पता नहीं चला।
लगभग ढाई बजे बारिश बंद होते ही बैठक समाप्त हुई और पार्षद बाहर निकले तो उन्हें पता चला कि बारिश भी हुई है। ऐसे में जिस रास्ते से पार्षद घर से निगम पहुंचे थे। वापसी में उस मार्ग पर भारी जलभराव हो गया था। यही वजह थी कि किसी ने क्षेत्र में जलभराव होने की चर्चा नहीं की।
सफाई नायक काम नहीं करें तो लिखकर दें हटाएंगे
पार्षदों ने कहा कि सफाई व्यवस्था में क्षेत्र के सफाई नायकों की भूमिका ठीक नहीं है। वार्ड में जितने कर्मचारी तैनात हैं और जो वास्तविक कर्मचारी तैनात हैं, वह मौके पर काम नहीं कर रहे हैं। सफाई नायक की शह पर कई जगह बाहरी लोग काम कर रहे हैं और सफाई कर्मी घर पर रहते हैं।
मेयर डाॅ. गौतम ने पार्षदों से कहा कि जो सफाई नायक काम नहीं कर रहे हैं उनके नाम लिख कर दें उन्हें हटाया जाएगा। डोर टू डोर कूड़ा उठाने के नये टेंडर होने की जानकारी कार्यकारिणी सदस्यों को दी गई। बैठक में नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स, अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह, सुनील यादव, मुख्य नगर लेखा परीक्षक सत्येन्द्र सिंह लेखाधिकारी अनुराग सिंह, सहायक लेखाधिकारी हृदयेश कुमार, अधिशासी अभियंता डीके शुक्ला, पूजा त्रिपाठी सहित कार्यकारिणी सदस्य आरेन्द्र अरोरा, गरिमा कमांडो, सीता पटेल, सौरभ कुमार, सलीम पटवारी, रामपाल गंगवार आदि रहे।
यह भी पढ़ें- Bareilly: इंडो अरब कांफ्रेंस में भाग लेंगे मौलाना शहाबुद्दीन रजवी
