बरेली: रुविवि में पहले दिन स्नातक में 50 हजार छात्रों ने लिया प्रवेश
बरेली,अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक कक्षाओं में गुरुवार से प्रवेश प्रारंभ हो गए हैं। बरेली-मुरादाबाद मंडल के 540 महाविद्यालयों में पहले दिन लगभग 50 हजार छात्र-छात्राओं ने प्रवेश कराया। राजकीय-एडेड कॉलेजों की अपेक्षा निजी कॉलेजों में अधिक प्रवेश हुए हैं। स्नातक में प्रवेश के करीब 1.44 लाख दावेदार हैं। बीए, …
बरेली,अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक कक्षाओं में गुरुवार से प्रवेश प्रारंभ हो गए हैं। बरेली-मुरादाबाद मंडल के 540 महाविद्यालयों में पहले दिन लगभग 50 हजार छात्र-छात्राओं ने प्रवेश कराया। राजकीय-एडेड कॉलेजों की अपेक्षा निजी कॉलेजों में अधिक प्रवेश हुए हैं। स्नातक में प्रवेश के करीब 1.44 लाख दावेदार हैं।
बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, एलएलबी, बीकॉम ऑनर्स, बीलिब समेत अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। शाम 7:30 बजे तक विवि की 50 हजार सीटें भर गईं। पहले दिन एक तिहाई प्रवेश होने के संबंध में प्रोफेसरों का मानना है कि निजी कॉलेज पहले से सक्रिय थे। इस कारण उनके यहां अधिक सीटें भरी हैं। बहरहाल, प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन जारी है। रुविवि की वेबसाइट पर पंजीकृत छात्र 12 सितंबर तक कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराएंगे।
निजी कॉलेजों में धोखाधड़ी का खेल शुरू
मेघा यादव ने बरेली कॉलेज में बीसीए में प्रवेश के लिए आवेदन किया। गुरुवार को फीस भी जमा कर दी। जब कॉलेज ने उनकी सीट लॉक करनी चाही तो पता लगा कि एक निजी कॉलेज पहले ही मेघा का प्रवेश कर चुका है। यह देखकर छात्रा भी सन्न रह गई। सूत्रों के मुताबिक कई अन्य छात्रों की सीट लॉक होने के मामले सामने आए हैं।
कुछ कॉलेजों में ऑफलाइन सत्यापन
वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी राजकीय महाविद्यालयों में प्रवेश ऑनलाइन चल रहे हैं, मगर छात्राओं को प्रवेश समिति के समक्ष अपने शैक्षिक प्रमाण पत्र सत्यापित कराने को उपस्थित होना पड़ रहा है। गुरुवार को छात्राएं प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने कॉलेज पहुंचीं।
बरेली कॉलेज में भरी सीटें
-बीए: 48
-बीएससी गणित: 36
-बीएससी बायो: 49
-बीकॉम: 101
-बीबीए: 36
-बीसीए: 51
-बीकॉम ऑनर्स: 59
“प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। पहले दिन प्रवेश की स्थिति काफी अच्छी रही है। छात्र और कॉलेज दोनों मिलकर तय समय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करेंगे।” -डा. अमित सिंह, मीडिया प्रभारी, एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय
