कक्षा में पढ़ाई कर रहीं छात्राओं पर ज्वलनशील पदार्थ फेंका, चार छात्राएं झुलसी
भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले की मांडलगढ़ तहसील के महुआ गांव के एक स्कूल की कक्षा में पढ़ाई कर रही छात्राओं पर खिड़की से किसी बदमाश ने ज्वलनशील पदार्थ फैंक दिया। इससे चार छात्रायें झुलस गई। घटना के बाद स्कूल स्टाफ एवं छात्राओं में हड़कंप मच गया। झुलसी छात्राओं को उपचार के लिए मांडलगढ़ चिकित्सालय भिजवाया गया है।
अभी तक बदमाशों का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लग पाया है। जानकारी के अनुसार, मांडलगढ़ तहसील के महुआ गांव के महात्मा गांधी बालिका विद्यालय में मंगलवार को शिक्षण कार्य चल रहा था। एक कक्षा में खिड़की के पास बैठी छात्राओं पर किसी ने ज्वलनशील पदार्थ छात्राओं पर फेंका। इससे चार छात्रायें झुलस गईं।
इस घटना के बाद छात्राओं में चीख-पुकार मच गई। वहीं घटना से स्कूल स्टॉफ एवं छात्राओं में हड़कंप मच गया। विद्यालय की प्रिंसिपल ने बताया की कक्षा कक्ष में बालिकाएं पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान विद्यालय की खिडक़ी से ज्वलनशील पदार्थ फेंका गया। जिससे खिडक़ी के नजदीक बैठी 4 बालिकाएं झुलस गईं। जिन्हें मांडलगढ़ चिकित्सालय भेजा गया ।
उधर, यह खबर जब गांव में पहुंची तो ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया। ग्रामीण विद्यालय के बाहर जमा हो गये। ये ग्रामीण वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इस बीच, घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी कीर्ति सिंह मय पुलिस जाप्ते के मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा: नवीन पटनायक ने कहा- आदिवासियों को मिलेगा वन भूमि पर रहने का अधिकार
