हल्द्वानी में आठ घंटे में रुक-रुककर हुई 50 एमएम बारिश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को जनपद में झमाझम बारिश हुई। हल्द्वानी में 8 घंटे में करीब 50 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश से शहर में कई जगह जगह जलभराव की स्थिति रही। जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। बारिश रूकने के बाद लोगों को राहत मिली।
 

मंगलवार तड़के तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हुआ जो दोपहर 2 बजे तक रुक-रुककर जारी रहा। बारिश के बीच शहर के कालाढूंगी रोड, नैनीताल रोड, बरेली रोड और रामपुर रोड में पानी सड़कों पर बहता रहा। जिससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

वहीं सुशीला तिवारी अस्पताल के पार्किंग स्थल में जलभराव हो गया। जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ी। सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल के गेट के आगे भी पानी भरा रहा। कई ग्रामीण इलाकों में भी आंतरिक मार्गों में जलभराव रहा। जिस कारण लोग सड़क पर नहीं निकल पाये।

 इधर, काठगोदाम गौला बैराज स्थित सिंचाई विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक 50 एमएम बारिश दर्ज की गई। जबकि सोमवार सुबह 6 बजे से मंगलवार दोपहर 2 बजे तक 32 घंटे में 53 एमएम हुई है। आपदा कंट्रोल रूम के मुताबिक पिछले 24 घंटे में जनपद में 8.5 एमएम बारिश हुई है।

जिसमें नैनीताल में 13.0 एमएम, हल्द्वानी (काठगोदाम) में 3.0 एमएम, कोश्याकुटोली में 2.3 एमएम, धारी में 25.0 एमएम, कालाढूंगी में 16.0 एमएम, मुक्तेश्वर में 4.1 एमएम तथा बेतालघाट और रामनगर में 0-0 एमएम बारिश रिकार्ड रही। मौसम विभाग ने 12 व 13 जुलाई को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश और हवा चलने के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहा।


मलबा गिरने व भूस्खलन से जिले में 14 मार्ग बंद
हल्द्वानी। रुक-रुककर हो रही बारिश से नैनीताल जनपद में 2 राज्य मार्ग, 1 आंतरिक मार्ग तथा 11 ग्रामीण मार्ग मलबा गिरने व भूस्खलन से बंद हैं। जिन्हें जेसीबी की मदद से खोलने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। जिला आपदा कंट्रोल रूम के मुताबिक नैनीताल-किलवरी राज्य मार्ग में भूस्खलन होने से मार्ग में भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। वहीं राजभवन-ईस्ट लेगन रोड आंतरिक मार्ग पूर्णतया बंद है।

इसके अलावा कौंता-हरीशताल, मौरनौला-भीड़पानी, खुजेटी-भौनरा, पदमपुर-सुवाकोट, रातीघाट-बुधलाकोट, मल्यूटी मोटर मार्ग, डालकन्या-डप्टा, भीड़ापानी-खुजेटी-पतलिया, गर्जिया-बेतालघाट, कांडा-डौन परेवा मार्ग, देवीपुरा-सौड़ व देचौरी-देगांव मोटर मार्ग बंद हैं। 

संबंधित समाचार