बरेली: परिषदीय स्कूलों में दान के रुपये से होगी डिजिटल पढ़ाई
बरेली, अमृत विचार। परिषदीय स्कूलों में बच्चों के लिए डिजिटल तरीके से पढ़ाई के लिए ग्राम पंचायत निधि, विद्यालय प्रबंध समिति और लोगों से मिले दान का सहारा लिया जाएगा। इस पैसे से स्कूलों में कंप्यूटर और प्रोजेक्टर लगाए जाएंगे, जिससे बच्चे डिजिटल पढ़ाई कर सकें। इसके लिए अपर मुख्य सचिव की ओर से आदेश …
बरेली, अमृत विचार। परिषदीय स्कूलों में बच्चों के लिए डिजिटल तरीके से पढ़ाई के लिए ग्राम पंचायत निधि, विद्यालय प्रबंध समिति और लोगों से मिले दान का सहारा लिया जाएगा। इस पैसे से स्कूलों में कंप्यूटर और प्रोजेक्टर लगाए जाएंगे, जिससे बच्चे डिजिटल पढ़ाई कर सकें। इसके लिए अपर मुख्य सचिव की ओर से आदेश भी जारी हो चुके हैं।
शासन की लाख कोशिशों के बाद भी परिषदीय स्कूलों में छात्र-छात्राएं डिजिटल लर्निंग की प्रक्रिया से वंचित हैं। इतना ही नहीं कंप्यूटर, प्रोजेक्टर, स्मार्ट टीवी के अभाव में छात्र छात्राएं मानव संसाधन के दीक्षा पोर्टल तथा अन्य राष्ट्रीय पोर्टल (ई-पाठशाला, ई-बस्ता, राष्ट्रीय डिजिटल लाइब्रेरी, एनआरओईआर) पर उपलब्ध पाठ्य सामग्री का भी लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इसके चलते अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि परिषदीय स्कूलों में डिजिटल पढ़ाई के लिए सामुदायिक सहभागिता से कंप्यूटर, प्रोजेक्टर, स्मार्ट टीवी आदि लगवाई जाएं।
इसके लिए ग्राम पंचायत निधियों से सामुदायिक सहभागिता लेकर डिजिटल अवस्थापनाओं से संतृप्त किया जाए, साथ ही किसी व्यक्ति, संस्था, कंपनी, संगठन, समिति, ट्रस्ट, फर्म, सरकारी गैर सरकारी व स्वयंसेवी संस्था आदि की ओर से दिए गए दान का भी सहारा लिया जा सकता है। डिजिटल अवस्थापना सुविधाओं की सुरक्षा के लिए स्कूल के प्रधानाध्यापक, ग्राम प्रधान और एसएमसी के अध्यक्ष को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस क्वॉलिटी का खरीदना होगा कंप्यूटर
बच्चों की पढ़ाई के लिए खरीदे जाने वाले कंप्यूटर में इंटेल कोर का आई-3 प्रोसेसर हो। स्टोरेज 240 जीबी, रैम 4 जीबी, ग्राफिक्स इंटेल एचडी, एचडीएमआई डिस्प्ले होनी चाहिए। कंप्यूटर की कीमत 35 हजार से ज्यादा न हो। वहीं 27 हजार 200 रुपये तक का प्रोजेक्टर स्क्रीन सहित खरीदना होगा, साथ ही 43 हजार 200 रुपये तक की स्मार्ट टीवी खरीद सकते हैं और अधिकतम 18 हजार रुपये में एक इन्वर्टर खरीदा जाएगा।
