बिजनौर: बारिश से 20 फीट लंबा संपर्क मार्ग बहा, ग्रामीणों ने की बनवाने की मांग
बिजनौर/रेहड़, अमृत विचार। क्षेत्र में कई दिन से हो रही मूसलाधार बारिश से गांव गादला का 20 फुट लंबा संपर्क मार्ग बह गया। इससे ग्रामीणों का आना-जाना बंद हो गया है। ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पानी के तेज बहाव से बहे संपर्क मार्ग को बनवाए जाने की मांग की है।
सिख बहुल गांव गादला अमानगढ़ टाइगर रिजर्व वन रेंज से सटा है। रेहड़ स्थित काशीपुर-हरिद्वार नेशनल हाईवे से गांव जाने के लिए डेढ़ किलोमीटर लंबा यही एकमात्र संपर्क मार्ग है, जो ग्रामीणों को पूरे क्षेत्र से जोड़ता है। यह रेहड़-गादला संपर्क मार्ग खेतों के बीच से होकर गांव तक पहुंचता है। इसी संपर्क मार्ग से ग्रामीणों का आना-जाना होता है।
सरदार हरजेंद्र सिंह, तारा सिंह, महेंद्र सिंह चौहान, कुलबीर सिंह, बलिहार सिंह, सतनाम सिंह, हरजंत सिंह, बलदेव सिंह, परमजीत सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया कि काशीपुर-हरिद्वार नेशनल हाईवे के निर्माण के दौरान कुछ किसानों ने संपर्क मार्ग के दोनों ओर अपने खेतों में मानक से अधिक मिट्टी का खनन कराया, जिससे उनके खेत गहरे हो गए और संपर्क मार्ग ऊंचा हो गया।
बारिश से खेतों में आए पानी के तेज बहाव से दो दिन पूर्व किसान महेंद्र सिंह चौहान के खेत के निकट 20 फिट लंबा संपर्क मार्ग बह गया और वहां पर 8 फिट गहरा खड्डा हो गया है जिससे क्षेत्र से गांव का संपर्क कट गया है। उन्होंने उप जिलाधिकारी धामपुर को प्रार्थना पत्र देकर मार्ग को सुचारु करने की मांग की, परंतु उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें- बिजनौर : बारिश से गिरी दीवार, मलबे में दबकर युवती की मौत
