बरेली: फुटपाथ पर लगी टाइल्स को तोड़ कर बांध दी भैंस, होगी रिपोर्ट
सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, कई दिनों से गंदगी फैला रहे थे गंदगी
बरेली, अमृत विचार। सरकारी संपत्ति को अपना समझने की आदत चौपुला के दो लोगों पर भारी पड़ गई है। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और गंदगी फैलाने पर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होगी। इन लोगों ने स्मार्ट सिटी द्वारा बनवाए गये फुटपाथ को तोड़कर उस पर खूंटा गाड़ दिया था और गाय और भैंस बांध कर गंदगी भी फैला रहे थे। कई बार ऐसा करने से मना भी किया जा चुका था लेकिन नहीं माने। कोतवाल ने कहा कि अभी तक उन्हें अपर नगर आयुक्त का पत्र नहीं मिला है।
चौपुला से पटेल चौक के बीच पुल से पहले हनुमान मंदिर के पास स्मार्ट सिटी द्वारा फुटपाथ पर बिछाई गई टाइल्स को उखाड़ कर उसमें खूंटा गाड़ दिया गया और उसमें गाय और भैंस बांध दी गई थी। 10 जुलाई को पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अजीम शाहनवाज ने चौपुला चौराहा से पटेल चौक तक निरीक्षण किया था।
उस दौरान मौके पर खूंटे से दो गाय बंधी मिली थीं। इन पशुओं के मालिक राम मिलन और मनोज हैं। मामले की आख्या मिलने के बाद स्मार्ट सिटी के सहायक अभियंता ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पत्र भेजा है। अपर नगर आयुक्त ने भी पत्र भेजा है।
यह भी पढ़ें- बरेली: बारिश के चलते रेल यात्रियों की बढ़ी मुसीबत, ट्रेनें निरस्त और टर्मिनेट
