बरेली: बारिश के चलते रेल यात्रियों की बढ़ी मुसीबत, ट्रेनें निरस्त और टर्मिनेट
बरेली, अमृत विचार। लगातार हो रही बारिश से ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। ट्रेनों को निरस्त करने के साथ ही टर्मिनेट भी किया जा रहा है। वहीं ट्रेनें लेट होने से यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार की रात और मंगलवार की सुबह को दो ट्रेनें टर्मिनेट होने से यात्रियों को परेशानी हुई।
अंबाला- चंडीगढ़ रेल रूट पर बारिश के चलते कई जगह रेल ट्रैक खराब हो गया। तीन दिनों से दिक्कत बनी हुई है। जिसकी वजह से तमाम ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित है। हरिहर एक्सप्रेस ( 14523 ) और शहीद एक्सप्रेस (14673) को बरेली में ही टर्मिनेट किया गया। हरिहर एक्सप्रेस सोमवार की रात को करीब 3:09 बजे बरेली जंक्शन पहुंची।
शहीद एक्सप्रेस सुबह 6:10 बजे बरेली जंक्शन आई। अब यह दोनों ट्रेनें यहीं से बनकर वापस जाएंगी। यहां पहले से ही कामर्शियल विभाग की टीमें मौजूद थीं। यात्रियों को दूसरी ट्रेन में शिफ्ट कराया गया। यात्रियों को बरेली जंक्शन पर काफी परेशानी का सामना करना। अफरा- तफरी की स्थिति जंक्शन पर रात 3:00 बजे से लेकर सुबह 8:00 बजे तक रही। इसके अलावा 12209-गरीबरथ, 13151-सियालदाह, 13152-सियालदाह, 15211-जननायक, 13307-गंगा सतलुज, 12332- हिमगिरि, 13006 पंजाब मेल, 12318-अकाल तख्त, 14618-जनसेवा, रद्द होने से यात्रियों को परेशानी हुई।
वहीं 19602 न्यू जलपाईगुड़ी 9:40 घंटा, 15909 अवध असम-1:55 घंटा, 15716 गरीब नवाज 3:35 घंटा, 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 7 घंटा, 12203-गरीबरथ 5:30 घंटा, 12370 कुंभ एक्सप्रेस 2 घंटा, 12584 डबल डेकर 4 घंटा 15910 अवध आसाम 4 घंटे लेट रही। जिससे यात्रियों को ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।
अतिरिक्त विंडो खोलकर टिकट वापस किए गए
अचानक से ट्रेन बदलने की वजह से काफी यात्रियों ने अपने टिकट रिफंड कराए। दूसरी ट्रेनों में जनरल टिकट लेकर सवार हुए। मंगलवार को 150 यात्रियों को 35000 हजार रुपये वापस कराए गए। वहीं सोमवार को भी 198 यात्रियों के 1 लाख 10 हजार रुपये वापस कराए गए। ट्रेनें टर्मिनेट होने के बाद वाणिज्य विभाग का स्टाफ सुबह सक्रिय हो गया। उसके बाद अतिरिक्त विंडो खोलकर टिकट वापस किए गए।
यह भी पढ़ें- Bareilly: मलेरिया का हमला तेज, एमएमयू करेगी स्क्रीनिंग
