लखनऊ : शहीद स्मारक पर राहुल गांधी के समर्थन में जुटे कार्यकर्ता, मौन सत्याग्रह कर जताया विरोध
लखनऊ, अमृत विचार। पूरे देश में आज जगह- जगह कांग्रेस मौन सत्याग्रह कर रही है। यह मौन सत्याग्रह राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द करने के विरोध में हो रही है।
राजधानी लखनऊ स्थित शहीद स्मारक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय मौन सत्याग्रह शुरू किया है। सुबह करीब 10 बजे से शुरू हुआ यह सत्याग्रह शाम पांच बजे तक चला। इस दौरान कांग्रेस के सीनियर नेताओं ने भी इस सत्याग्रह में हिस्सा लिया।
राहुल गांधी के समर्थन में शुरू हुये इस मौन सत्याग्रह में भारी तादात में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुये। जिसमें प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी, राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, प्रांतीय अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, अंशु अवस्थी, सचिन रावत समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
यूपी कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ राहुल गांधी संघर्ष कर रहे हैं। देश के मौजूदा हालात को देखते हुये कांग्रेस का हर कार्यकर्ता और आम लोग उनके साथ खड़े हैं।
राहुल गांधी की आवाज को दबाने के लिए मोदी सरकार लगातार कोशिश कर रही है, लेकिन उसके बावजूद राहुल गांधी सरकार की नीतियों के खिलाफ बोलते रहे हैं। इसी के चलते उनकी लोकसभा की सदस्यता छीनी गई है।
यह भी पढ़ें : ज्योति मौर्य प्रकरण : होमगार्ड कमांडेंट मनीष दुबे निलंबित, जानें किस प्रकरण में हुई कार्रवाई
