Fatehpur: बंदूक-कारतूस चोरी की सूचना पर दौड़ी पुलिस, खोजने पर मिला असलहा, चोरों ने पार की जेवरात व नकदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में बंदूक-कारतूस चोरी की सूचना पर दौड़ी पुलिस।

फतेहपुर में बंदूक-कारतूस चोरी की सूचना पर पुलिस दौड़ी। घर पर चोरी हुई थी। वहीं, खोजने पर असलहा मिला। चोरों ने जेवरात व नगदी पार कर दी।

फतेहपुर, अमृत विचार। एक घर में मंगलवार रात हुई चोरी की घटना के बाद बंदूक और कारतूस नहीं मिले तो हड़कंप मच गया। बंदूक कारतूस चोरी की सूचना पर थाने की पुलिस जांच पड़ताल के लिए दौड़ पड़ी। मौके पर जाकर परिजनों के साथ मिलकर छानबीन की तो दूसरे कमरे में असलहा व कारतूस मिल गए। बाकी जेवरात और नगदी चोरी की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र के भदौहां गांव निवासी रमाकांत त्रिपाठी गांव में खेती किसानी करते हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार की रात वह खाना खाकर परिवार के साथ छत पर सो गए थे। सुबह नींद खुली तो एक कमरे का ताला टूटा पड़ा देख स्तब्ध रह गया। अन्य लोगों को जानकारी दी। वहीं कमरे की छानबीन करने पर दो नाली बंदूक और कारतूस नहीं मिले। बंदूक चोरी होने की सूचना भुक्तभोगी ने पुलिस को दी।

बंदूक चोरी की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने परिजनों से पूछताछ करते हुए घर के अन्य स्थानों पर छानबीन की तो दूसरे कमरे में बंदूक और कारतूस रखे मिल गए। जिससे भुक्तभोगी समेत पुलिस ने भी राहत की सांस ली। वहीं रमाकांत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोर बक्से में रखी नगदी, जेवरात समेट ले गए। पुलिस ने जल्द चोरों की गिरफ्तारी कर माल बरामद करने का आश्वासन दिया है।

संबंधित समाचार