बारामूला: मुठभेड़ दो आतंकवादी ढेर, मेजर घायल
बारामूला। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में शुक्रवार सुबह घेराबंदी एवं तलाश अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए हालांकि गोलीबारी में सेना के एक मेजर घायल हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने पर राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर के विशेष …
बारामूला। उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में शुक्रवार सुबह घेराबंदी एवं तलाश अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए हालांकि गोलीबारी में सेना के एक मेजर घायल हो गए।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने पर राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर के विशेष अभियान समूह और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने आज तड़के करीब छह बजे बारामूला के येदीपोरा, पट्टन में एक संयुक्त अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों ने सभी निकास मार्गों को सील करने के बाद घर-घर तलाशी लेनी शुरू की।
सुरक्षा बल के जवान लक्षित स्थान की ओर बढ़ रहे थे, तभी वहां छिपे हुए आतंकवादियों ने स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गयी। आतंकवादियों की शुरुआती गोलीबारी में सेना के एक मेजर घायल हो गये। उनकी पहचान 29 राष्ट्रीय राइफल्स के मेजर रोहित मेहरा के रूप में की गयी है। उन्हें सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गये। मृत आतंकवादियों का शव अभी बरामद नहीं किया जा सका है।
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ स्थल के पास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर चले जाने को कहा। लोगों के इलाका खाली करते ही सुरक्षा बलों ने मकानों के भीतर से मोर्चा संभाल लिया। निकटवर्ती इलाकों में कानून एवं व्यवस्था बनाये रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक अभियान जारी था।
