शाहजहांपुर: हेड मास्टर निलंबित और शिक्षामित्र को भेजा दूसरे स्कूल, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्राथमिक स्कूल रेती टिक्कल में एमडीएम के आटे में घुन निकलने का मामला

शाहजहांपुर, अमृत विचार। भावलखेड़ा क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल रेती टिक्कल में सोमवार को मिडे-मील में रोटी के लिए तैयार किए गए आटा में घुन निकलने के मामले का डीएम ने संज्ञान ले लिया है। इस मामले में साजिश रचने के आरोप में शिक्षामित्र गौरी मिश्रा को जहां प्राथमिक स्कूल नई बस्ती समायोजित कर दिया गया है, वहीं लापरवाही में प्रधान अध्यापिका वंदना रस्तोगी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

बतादें कि परिषदीय स्कूल रेती टिक्कल में सोमवार को बच्चों के लिए तैयार किए गए मध्यान्ह भोजन में घुन निकलने का मामला प्रकाश में आया था। आरोप है कि स्कूल की एक शिक्षामित्र की साजिश से ही वीडियो बनाया गया और उसे न सिर्फ वायरल किया गया, बल्कि अगले दिन यानि मंगलवार को बीएसए से शिकायत भी कराई गई।

आटे में घुन होने की सूचना मिलते ही तमाम अभिभावक भी स्कूल पहुंच गए थे, उन्होंने काफी हंगामा भी काटा, जिस कारण स्कूल में पुलिस तक बुलानी पड़ी। शिकायत मिलने पर स्कूल पहुंचे बीएसए ने दोनों पक्षों से बात की, वहीं अभिभावकों को भी समझाने का प्रयास किया। इसी बीच उन्होंने भीड़ को शांत करने के लिए बीएसए ने क्षेत्रीय खंड शिक्षा अधिकारी विनय कुमार मिश्रा, बीईओ मुख्यालय रमेश पंकज और डीसी एमडीएम निश्चय सिंह की कमेटी बनाकर जांच सौप दी थी।

बीएसए रणवीर सिंह ने बताया कि स्कूल की शिक्षामित्र गौरी मिश्रा और प्रधान अध्यापिका वंदना रस्तोगी के बीच टसल चलती रहती है, यह मामला साजिश के तहत किया गया और वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि डीएम ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है और कार्यवाही करने के आदेश दिए थे। उन्होंने तत्काल प्रभाव से प्रधान अध्यापिका वंदना रस्तोगी को निलंबित कर दिया है और शिक्षामित्र गौरी मिश्रा को प्राथमिक स्कूल रेती टिक्कल से हटाकर नई बस्ती स्कूल में समायोजित कर दिया है।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: सड़क पर खून से लथपथ मिला व्यक्ति का शव, परिवार वालों ने हत्या का लगाया आरोप

संबंधित समाचार