बरेली: कुर्की की नौबत आई तो मिशन अस्पताल से मिले पांच लाख, जारी हो चुकी है आरसी
36.27 लाख का बकायादार है अस्पताल , जारी हो चुकी है आरसी
बरेली, अमृत विचार। क्लेरा स्वेन मिशन अस्पताल के 36.27 लाख रुपये का बकाया अदा न करने पर आरसी के साथ नोटिस जारी किया गया लेकिन चेयरमैन ने कोई जवाब तक नहीं दिया। इसके बाद एसडीएम सदर प्रत्यूष पांडेय की ओर से अस्पताल की संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया गया, तब कहीं चेयरमैन ने मोहलत मांगते हुए पांच लाख रुपये जमा किए।
पांच लाख जमा होने के बाद तहसील प्रशासन ने संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई फिलहाल रोक दी है। अस्पताल प्रबंधन से 31.27 लाख की रकम और वसूल की जानी है। उप्र औद्योगिक विवाद अधिनियम के तहत श्रम न्यायालय में मिशन अस्पताल के चेयरमैन के विरुद्ध अलग-अलग सालों में आठ श्रमिकों ने वाद दर्ज कराए थे।
इन्हीं पर सुनवाई के बाद मिशन अस्पताल पर जुर्माना डाला गया था। ये वाद श्रमिक सुंदर, इमानुल, सुरेश, डोरिस, सुनील कुमार, शीला सी लाल, अब्दुल अजीज, सुंदर लाल और उस्मान ने दायर किए थे।
वहीं एसडीएम सदर प्रत्यूष पांडेय मिशन अस्पताल पर लाखों के बकाये की वसूली के संबंध में बताने से बच रहे हैं। जब उनसे पूछा गया है कि मिशन अस्पताल से धनराशि वसूल कराने के लिए आरसी काटी गई तो वह बोले-मामला मेरी जानकारी में नहीं है। वह शहर से बाहर हैं। इस संबंध में तहसीलदार सदर से बात कर लें।
यह भी पढ़ें- बरेली: जालसाज पिता-पुत्र ने सेवानिवृत्त दरोगा के रुपये हड़पे, रिपोर्ट दर्ज
