सरयू-यमुना बरेली जंक्शन पर रद्द, ट्रेन से उतारे गए दो हजार यात्री

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कई और ट्रेनें भी र्दद, सफर अधूरा खत्म होने के बाद भटकते रहे यात्री, सैकड़ों टिकट हुए वापस

बरेली, अमृत विचार। बारिश ने रेल यातायात को तहसनहस कर दिया है। रोज हजारों यात्रियों का सफर रास्ते में खत्म हो रहा है। बुधवार को 14649 सरयू यमुना एक्सप्रेस को बरेली में रद्द कर करीब दो हजार यात्रियों को जंक्शन पर उतार दिया गया। इसके बाद ये यात्री आगे के सफर के लिए घंटों दूसरे साधनों की तलाश में भटकते रहे। इस दौरान सैकड़ों टिकट वापस किए गए। टिकट विंडो पर इसके लिए लंबी कतारें लगी रहीं। जो ट्रेनें आगे जा रही थीं, उनमें भीड़ बढ़ने से लोगों को लटककर यात्रा करनी पड़ी।

अलग-अलग रेलवे ट्रैकों पर पानी भरने, सिग्नल फेल होने, रेलवे ट्रैक बह जाने और ओएचई पोल गिरने जैसे कारणों से मुरादाबाद रेल मंडल ने बुधवार को 16 ट्रेनें निरस्त कर दीं। इसके अलावा पांच ट्रेनों को डायवर्ट करने के साथ 15 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजनेट किया गया।

इस वजह से बुधवार को जंक्शन पर परेशानहाल यात्रियों का भारी हुजूम लगा रहा। अंबाला मंडल के सरहिंद -नागल डैम और चंडीगढ़-सनेहवाल रेलखंड, दिल्ली मंडल के दिल्ली-शाहदरा में भारी जलभराव, हरिद्वार यार्ड में भारी बारिश और ओएचई पोल के गिरने से बड़े पैमाने पर ट्रेनें प्रभावित हुईं।

अमृतसर से जयनगर जाने वाली सरयू यमुना एक्सप्रेस सुबह करीब 9:30 बजे बरेली जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची और यहीं उसे आगे के लिए रद्द कर दिया गया। ट्रेन में दो हजार से ज्यादा यात्री सवार थे जिन्हें यहीं उतार दिया गया। जंक्शन पर ट्रेन आने से पहले ही वाणिज्य विभाग, आरपीएफ, जीआरपी, सीआईटी कार्यालय के कर्मचारी व्यवस्था में जुट गए। यात्रियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क बनाई गई।

महाकाल और आला हजरत एक्सप्रेस को डायवर्ट कर चलाया
राजघाट स्टेशन के पास भारी जलजमाव के कारण बुधवार को 14320 महाकाल एक्सप्रेस को डायवर्ट कर दिया गया। यह ट्रेन बरेली से रामगंगा-कासगंज-आगरा फोर्ट के रास्ते चलाई गई। आंवला, चंदौसी, बहजोई, अलीगढ़ जंक्शन स्टेशनों पर ट्रेन का स्टॉपेज निरस्त कर दिया गया।

04376 बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर को बहजोई, 04378 बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर को चंदौसी तक चलाया गया। 04375 अलीगढ़ बरेली पैसेंजर चंदौसी स्टेशन से शार्ट ओरिजनेट की गई। दिल्ली में यमुना ब्रिज पर जलस्तर बढ़ने के कारण 14312 आला हजरत एक्सप्रेस को डायवर्ट कर दिया गया। इसे पुरानी दिल्ली के बजाय नई दिल्ली होते हुए गुजारा गया।

बरेली जंक्शन पर रद्द हुईं आठ ट्रेनें
बुधवार को बरेली जंक्शन पर तमाम ट्रेनें निरस्त हुईं। इनमें 12355 अर्चना एक्सप्रेस, 12231 चंडीगढ़ लखनऊ एक्सप्रेस, 15212 दरभंगा जननायक एक्सप्रेस, 12331 हिमगिरी एक्सप्रेस, 15211 अमृतसर जननायक एक्सप्रेस, 04303 दिल्ली बरेली पैसेंजर, 14618 जनसेवा एक्सप्रेस, 22318 हमसफर सुपरफास्ट एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल थीं। इसके अलावा तमाम और ट्रेनें निरस्त होने से यात्रियों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

आज ये ट्रेनें रहेंगी निरस्त
बृहस्पतिवार को 13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस, 13006 पंजाब मेल, 13152 जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें को बरेली जंक्शन पर निरस्त करने का एलान किया गया है।

यह भी पढ़ें- बरेली: गोवंश पशुओं का कटानकर मांस बेचने पर पुलिस का एक्शन, तीन तस्करों पर गैंगस्टर की कार्रवाई 

संबंधित समाचार