उन्नाव: ट्रांस गंगा सिटी में अवैध निर्माणों पर गरजा बुलडोजर, बेघर हुए परिवार
अतिक्रमण अभियान चलने के बाद पानी में भीगता रहा परिवार
अमृत विचार, उन्नाव। उन्नाव में बैराज मार्ग स्थित ट्रांस गंगा सिटी के आसपास कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। जिसकी जानकारी यूपीसीडा ने डीएम को दी थी। डीएम के निर्देश पर गुरुवार नायब तहसीलदार राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। जहां बुलडोजर से दो पक्के निर्माण व एक कच्चे निर्माण को ध्वस्त करा दिया। भारी फोर्स मौजूद होने से कोई कब्जेदार विरोध नहीं कर सका।
बता दें कि उप्र राज्य औद्योगिक विकास प्रधिकरण द्वारा गंगाघाट क्षेत्र स्थित बैराज मार्ग पर ट्रांस गंगा सिटी का निर्माण कराया जा रहा है। यूपीसीडा ने सिटी बनाने के लिये भूमि अधिग्रहित कर रखी है। उस भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। कई बार यूपीसीडा ने उन्हें अतिक्रमण हटाने को कहा लेकिन, वे नहीं हटे। जिस पर यूपीसीडा प्रबंधक ने डीएम उन्नाव को पत्र भेजकर इससे अवगत कराया।
डीएम के निर्देश पर गुरुवार को नायब तहसीलदार तनवीर हसन, लेखपाल सत्यम शर्मा, मुकेश शर्मा फोर्स के साथ ट्रांस गंगा सिटी पहुंचे। इस दौरान उन्होने जेसीबी से क्षेत्र में बने दो मकानों को ध्वस्त कराने के साथ एक कच्चा निर्माण भी ध्वस्त कराया। भारी फोर्स होने से कब्जेदारों ने कोई विरोध नहीं किया। वहीं अधिकारियों के जाने के बाद घर में रहने वाले बेघर हो गये और बारिश होने से परिवार की महिलाएं व बच्चे भीगते रहे। परिवार के सदस्यों में मुकेश व सुशीला ने बताया कि प्रशासन ने उन लोगों के साथ जबरदस्ती की है। पूर्व में नोटिस देने आये थे लेकिन हमने नोटिस नहीं ली थी।
घर गिराये जाने के कारण हमारी गृहस्थी व परिवार बारिश में भीग रहे हैं। ऐसे में अब हम लोग कहा जायेंगे। इसे लेकर नायब तहसीलदार ने बताया कि ट्रांस गंगा सिटी की जमीन पर मुकेश, राकेश, दीपू व कालू का परिवार रहकर अवैध अवैध निर्माण कर रहे थे। इन लोगों को दो बार नोटिस देने के साथ नोटिस भी चस्पा की गई थी। जिसके बाद कार्यवाही की गई है।
यह भी पढ़ें:-फर्रुखाबाद: रिपोर्ट कर्ता ही निकला लुटेरा, भाई सहित गिरतार, पुलिस ने बरामद किए रुपये व मोबाइल
