चित्रकूट: कार और साइकिल की भिड़ंत, दारोगा और ग्रामीण की मौत
चित्रकूट/अमृत विचार। भीषण सड़क हादसे ने चौकी इंचार्ज और एक ग्रामीण की जान ले ली। महुंटा चौकी इंचार्ज कार से ड्यूटी जा रहे थे कि बगरेही गांव के पास सामने से आ रहे साइकिलसवार से भिड़ंत हो गई। साइकिलसवार ग्रामीण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सब इंस्पेक्टर की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह लगभग नौ बजे रैपुरा थानांतर्गत बगरेही गांव के पास प्रयागराज से कर्वी की ओर जा रही मारुति सुजुकी बलेनो ने एक साइकिलसवार थाना रैपुरा अंतर्गत अतरौली ग्रामसभा के मजरे बसिला निवासी रामसेखन (30) को टक्कर मार दी और कई पटखनी खाने के बाद सड़क किनारे पलट गई।
इससे रामसेखन ने मौके पर दम तोड़ दिया। कारचालक श्याम प्रकाश (44) को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई। श्याम प्रकाश बांदा जिले के थाना अतर्रा अंतर्गत महुटा पुलिस चौकी के प्रभारी थे। सूचना पाकर सीओ अतर्रा जियादुद्दीन अहमद और अन्य अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे।
2018 बैच के थे श्याम प्रकाश
2018 बैच के श्याम प्रकाश नागरिक पुलिस में उप निरीक्षक थे। उनका जन्म प्रयागराज के थाना सोरांव अंतर्गत सेवइत गांव में तीन जनवरी 1979 को हुआ था। वह 17 मार्च 18 को पुलिस में भर्ती हुए थे। सरकारी काम से प्रयागराज गए थे और हाईकोर्ट में सीए दाखिल करने के बाद वह लौट रहे थे कि हादसे का शिकार हो गए।
तेज रफ्तार में थी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। आशंका है कि इससे दारोगा इस पर नियंत्रण नहीं कर सके और साइकिल से भिड़ गए। बतातें हैं कि टक्कर इतनी तेज थी कि कार से भिड़ने के बाद साइकिलसवार कई मीटर दूर गिरा तथा 3-4 पटखनी खाने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए।
साइकिल से सामान बेचता था रामसेखन
सड़क दुर्घटना का शिकार रामसेखन गरीब परिवार से था। वह साइकिल से श्रृंगार का सामान बेचकर परिवार का भरण पोषण करता था। घटना के बाद मृतको के घर में कोहराम मचा है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: अश्लील मैसेज भेज विवाहिता को दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
