Amrit Vichar Investigation: धड़ल्ले से फलफूल रहा घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रिफिलिंग का कारोबार, जिम्मेदार अंजान
गौरव तिवारी, हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में एलपीजी गैस रिफिलिंग का अवैध धंधा खूब फल-फूल रहा है। कुछ लोग खुलेआम बाजार में गैस रिफिलिंग की दुकान खोलकर बैठे हैं। घरेलू गैस सिलेंडर से ऑटो चालक अपने वाहनों के लिए गैस रिफिलिंग लंबे समय से करा रहे हैं। जबकि नियमावली के मुताबिक, वाहनों को पेट्रोल पंप से ही सीएनजी व एलपीजी गैस भराने के निर्देश हैं।
गुरुवार को अमृत विचार की टीम मंगलपड़ाव इलाके में पहुंची तो पुलिस चौकी से करीब 300 मीटर की दूरी पर पृथ्वी पाल चौराहे के पास अवैध गैस रिफिलिंग का कारोबार खुलेआम संचालित हो रहा है। कई घरेलू सिलेंडर रोजाना दर्जनों ऑटो व अन्य वाहनों के लिए रिफिलिंग में खपाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी: खुले में मांस बेचने पर होगी कार्रवाई, दुकानों में लगाने होंगे काले रंग के शीशे
गैस रिफिलिंग का यह अवैध कारोबार चोरी-छिपे अथवा दूरदराज के इलाकों में नहीं बल्कि घनी आबादी वाले मोहल्लों और बीच बाजार में हजारों लोगों की जान जोखिम में डालकर खुलेआम चल रहा है। गैस रिफिलिंग के चलते पूर्व में हादसे भी हो चुके हैं। इसके बाद भी शहर में गैस सिलेंडरों का अवैध कारोबार बड़े पैमाने पर किया जा रहा है।
आरटीओ कार्यालय से थोड़ी दूर पर स्थित कमलुवागांजा रोड के निकट तीन मूर्ति मंदिर के पास ही बीते मई माह में अवैध रूप से ऑटो में एलपीजी गैस रिफिलिंग करते हुए अचानक ऑटो में आग लग गई थी। आग की चपेट में आने से 2 लोग झुलस गए थे। इसके बावजूद अवैध एलपीजी गैस रिफिलिंग के खिलाफ जिम्मेदारों की नींद नहीं टूटी।
सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने बताया कि गैस रिफिलिंग के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है। यदि कोई कर रहा है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। शहरवासियों से अपील है कि यदि आसपास गैस रिफिलिंग हो रही है तो इसकी सूचना दें त्वरित कार्रवाई होगी। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रहेगा। क्योंकि गैस रिफिलिंग से आसपास के लोगों को भी खतरा रहता है।
पूर्ति निरीक्षक जगमोहन नेगी ने बताया कि मामले की जानकारी मेरे संज्ञान में नहीं है, लेकिन अगर ऐसा मामला है तो कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पूर्व में भी अवैध गैस सिलेंडरों को जब्त कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी: भारी बरसात में आखिर क्यों पहुंच गए हैडाखान के ग्रामीण PWD कार्यालय...
