हल्द्वानी: 6 माह से पानी को तरसे राजपुरा 16 क्वार्टर के लोग, महिलाओं ने किया हंगामा
पानी नहीं मिलने के बावजूद विभाग ने भेजा हजारों का बिल, महिलाओं और बच्चों ने किया विरोध
पूर्व में भी कई बार कर चुके हैं शिकायत, लेकिन आज तक नहीं हुआ समाधान
हल्द्वानी, अमृत विचार। राजपुरा 16 क्वार्टर के लोग शुक्रवार को पानी की समस्या लेकर जल संस्थान पहुंचे। लोगों का कहना था कि एक तरफ विभाग पिछले 6 माह से पानी की समस्या दूर नहीं कर पा रहा है। वहीं दूसरी तरफ घरों में भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं।
लोगों ने जल संस्थान कार्यालय के बाहर हाथों में बिल पकड़ कर हंगामा किया और विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। महिलाओं ने अपने 6 हजार, 2 हजार और 1 हजार रुपये के बिल दिखाकर विरोध जताया। विरोध करने वालों में महिलाएं और बच्चे थे।
महिलाओं ने कहा कि पिछले कई महीनों से अधिशासी अभियंता से लगातार शिकायतें करते आ रहे हैं लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। जब भी समस्या लेकर आते हैं तो अधिकारी 1-2 दिन में समस्या दूर करने का आश्वासन देते हैं।
विभागीय अधिकारियों ने पूर्व में भीषण गर्मी में डिमांड बढ़ने और लाइनों में पानी का प्रेशर कम होने से घरों में पानी नहीं पहुंच पाने का हवाला दिया था और बरसात में समस्या दूर होने की बात कही थी लेकिन बरसात होने के बाद भी समस्या दूर नहीं हुई। बकायदा समस्या बढ़ गई है। इसके बाद महिलाओं ने अधिशासी अभियंता रविशंकर लौशाली से मुलाकात की। उन्होंने बिल में छूट देने और पर्याप्त टैंकर भेजने का आश्वासन दिया।
स्थानीय लोगों से बातचीत
होली से पानी नहीं आ रहा है। पानी तो आ नहीं आ रहा है लेकिन बिल भेज रहे हैं। बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटने की कार्यवाही की जा रही है। पिछले 4-5 महीनों से अधिकारी आश्वासन दिए जा रहे हैं लेकिन आज तक समस्या दूर नहीं हुई। दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। जल संस्थान कभी एक या दो टैंकर भेजता है तो उस पर भी लूट मच जाती है किसी को भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता।
- हेमा देवी फोटो
स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चे हैं उनकी पढ़ाई में भी रुकावट आ रही है। विभाग 1 या 2 टैंकर भेज रहा है जिससे एक परिवार को बमुश्किल 1 या 2 बाल्टी मिल पा रहा है। गर्मी में जैसे-तैसे काम चलाया लेकिन अब बरसात में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग सुबह ऐसे समय पर टैंकर भेजता है जब बच्चों को स्कूल छोड़ने का समय होता है। डीएम कैंप में अपनी समस्या रखी लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। बारिश का पानी भरकर कपड़े धोने और साफ-सफाई के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।
-हीरा बिष्ट
विभाग स्कूल जाने के समय पानी का टैंकर भेजता है। सुबह सब काम छोड़कर घर के सभी सदस्य पानी भरने के लिए लाइन में लग जाते हैं और वहां भी धक्कामुक्की होती है। पानी नहीं होने से नहाना-धोना और स्कूल के कपड़े भी नहीं धो पा रहे हैं इस कारण स्कूल भी नहीं जा पा रही हूं। स्कूल से साफ-सुथरे कपड़े पहनने के निर्देश होते हैं। कई बार स्कूल की तरफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर दी गई है।
- भूमि गोदियाल, 9वीं कक्षा की छात्रा
राजपुरा 16 क्वार्टर में लंबे समय से पेयजल समस्या है इसके लिए 10 लाख रुपये की पेयजल लाइन प्रस्तावित है। बजट मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। जहां तक ज्यादा बिल आने की बात है तो उसमें छूट दी जाएगी। वर्तमान में वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर नियमित टैंकर भेजे जा रहे हैं।
- रविशंकर लौशाली, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान फोटो
