लखनऊ : बीमारी से परेशान शख्स ने गोमती में लगाई छलांग, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। गोमती नगर थानाक्षेत्र स्थित रिवरफ्रंट पुल पर गुरुवार शाम एक अधेड़ ने गोमती में छलांग लगा दी। आनन-फानन में इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शख्स को नदी से बाहर निकाला और इलाज के लिए लोहिया संस्थान में की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। जहां पर जांच के बाद चिकित्सकों ने शख्स को मृत घोषित कर दिया। 

बताया जा रहा है कि सिर में चोट लगने से शख्स की मौत हो गई है। छलांग लगाने के दौरान शख्स का सिर  पुल के पिलर में लगे लोहे के एंगल से टकरा गया, जिससे उसकी मौत होना बताई जा रही है। मृतक की पहचान गोमती नगर के ही नवाबपुरवा निवासी अशोक कुमार यादव (55) के रूप में हुई है। मृतक पराग डेयरी में काम करता था।

गोमती नगर थाना प्रभारी ने बताया है कि मृतक के पैंट से मिले पहचान पत्र से उसके परिजनों से संपर्क किया गया। इसके बाद शव को लोहिया अस्पताल के मर्चरी में रखवाया गया। अस्पताल में पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि अशोक पिछले काफी समय से बीमारी  से ग्रसित था और उसकी आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। जिससे आजिज आकर उसने आत्महत्या कर ली।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : नई तकनीक से आंखों के इलाज की बारीकियां सीखने पीजीआई में जुटेंगे डॉक्टर

संबंधित समाचार