पीलीभीत: मां को पीट रहे बड़े बेटे को छोटे भाई ने मार डाला, नशा बना वजह
पीलीभीत/ पूरनपुर, अमृत विचार। नशा करने के लिए रुपये न देने पर बड़ा बेटा मां से पहले झगड़ते हुए हंगामा करता रहा। इसके बाद मां की पिटाई कर दी। छोटे बेटे ने शांत कराने का प्रयास किया तो उससे भी भिड़ गया। गुस्साए छोटे बेटे ने घर पर रखे फावड़े से वार कर बड़े भाई की हत्या कर दी और फरार हो गया। इसकी सूचना मिलने पर एएसपी सीओ पूरनपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज आरोपी को हिरासत में लिया है। वारदात से हड़कंप मचा रहा।
मूल रुप से घाटमपुर गांव के रहने वाले रजी अहमद (28) पुत्र मुन्ने परिवार समेत अहमदनगर में किराए के मकान में रहते थे। रजी अहमद नशा अधिक करता था। उसका छोटा भाई भट्टे पर मजदूरी करता है। उनके दो बहनें हैं। शुक्रवार शाम को रजी अहमद नशा करने के लिए मां से रुपये की मांग कर रहा था। जब मां ने नशा करने को रुपये देने से इनकार कर दिया तो वह झगड़ा फसाद करने लगा। पहले तो गाली गलौज कर हंगामा करता रहा।
इसके बाद अचानक माँ पर हमलावर होकर पिटाई शुरू कर दी। चीख पुकार सुनकर छोटा भाई मौके पर पहुंचा और शांत कराने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ भी झगड़ा शुरू कर दिया। इसी दौरान मारपीट हो गई। छोटे ने मां को पीट रहे बड़े भाई पर फावड़ा उठाकर वार कर दिया। जिसमें रजी अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी भाई घबराकर भाग गया।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद एएसपी अनिल कुमार यादव, सीओ पूरनपुर आलोक कुमार, इंस्पेक्टर आशुतोष रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। एक टीम को आरोपी की धरपकड़ के लिए लगा दिया गया। जिसमें सफलता भी मिल गई और कुछ ही दूरी से उसे हिरासत में ले लिया। उससे पुलिस पूछताछ कर रही है। उधर फारेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: सुबह घर से निकला ग्रामीण और शाम को नदी में मिली लाश, हत्या का शक
