Unnao में धरा गया मुन्नाभाई UPP, पुलिस की वर्दी पहनकर कर रहा था वसूली, आरोपी ने गुमराह करने की कोशिश
उन्नाव में मुन्नाभाई धरा गया।
उन्नाव के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की वर्दी पहन अवैध वसूली में लिप्त युवक को पुलिस दबोच लिया। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी।
उन्नाव, अमृत विचार। हसनगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की वर्दी पहन अवैध वसूली में लिप्त युवक को पुलिस दबोच लिया। वह वर्दी में लगी नेम प्लेट में फर्जी पीएनओ नंबर डाल कर वसूली कर रहा था। आशंका होने पर हसनगंज कोतवाल ने उसे रोककर पूछताछ की तो मामला खुलकर सामने आ गया। इसके बाद उसे कोतवाली में हवालात की हवा खिलाई गई। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया है।
बता दें कि हसनगंज कोतवाली पुलिस को लंबे समय से क्षेत्र में वाहनों से पुलिस द्वारा वसूली की शिकायत मिल रही थी। जिस पर हसनगंज इंस्पेक्टर ने इसे लेकर निगरानी बढ़ाई थी। मुखबिर की सूचना पर दारोगा धर्मेन्द्र सिंह ने फोर्स के साथ क्षेत्र के गांव अकबरपुर मोहिनी खेड़ा मोड़ के पास से यूपी पुलिस की हेड कांस्टेबल की वर्दी पहने व पुलिस का टोकन लगाए विमलेश पुत्र गइलू निनयागांव संडीला बेनीगंज देहात जिला हरदोई खड़ा मिला।
उसको रोककर जांच की गई तो उसकी वर्दी में लगी नेम प्लेट में विमलेश कुमार और पीएनओ नंबर भी पड़ा था। पुलिस उसे कोतवाली लाई जहां उसने गुमराह करने का प्रयास करते हुए अपनी तैनाती हेड कांस्टेबल के पद पर थाना महराजगंज जिला रायबरेली में बताई।
इंस्पेक्टर महराजगंज से इसकी जानकारी की गई तो उन्होंने इस नाम के पुलिस कर्मी की तैनाती से इंकार किया। इसके बाद उसे हवालात पहुंचाया गया और कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने पूरी बात कबूल ली। बताया कि उसने वर्दी लखनऊ से ढाई हजार में खरीदी थी। पुलिस ने उस पर मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया है।
