शाहजहांपुर: अधेड़ व्यक्ति का शव खून से लथपथ भूसे के ढेर में मिला
शरीर में चोटों के निशान, भाई ने लगाया हत्या का आरोप, सीओ सदर मौके पहुंचे
DEMO IMAGE
कांट, अमृत विचार। खेत पर फसल की रखवाली करने गए अधेड़ व्यक्ति का शव खून से लथपथ गांव के बाहर खेत में भूसे के ढेर के पास मिला है। उसके सिर और गले में चोट के निशान है। भाई ने हत्या का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के गांव गौटिया निवासी 65 वर्षीय राम औतार की शादी नहीं हुई थी और अपने भाई भाईलाल के पास रहते थे। भाई के साथ खेतीबाड़ी करते थे। शुक्रवार शाम पांच बजे वह खेत पर फसल की रखवाली करने के लिए गए। वह रात दस बजे घर पर नहीं आए, तो भाईलाल की पत्नी रामकली ने कहा कि राम औतार अभी तक खेत से नहीं आए है।
भाईलाल परिवार वालों के साथ रामऔतार को देखने खेत पर गए, लेकिन वह नहीं मिले, तो परिजन वापस घर आ गए। शनिवार सुबह सात बजे भाईलाल अपने भाई की तलाश में खेत पर गए। खेत से एक किलोमीटर दूर राजाराम के खेत में भूसे के ढेर के पास रामऔतार का शव मिला है।
उसके सिर, गले में चोट के निशान है। उन्होंने भाई के शव मिलने की सूचना थाने पर दी। एसओ जयशंकर सिंह सिपाहियों के साथ खेत पर गए और मृतक के भाई से जानकारी की। सीओ सदर अमित चौरसिया ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। भाई लाल ने बताया कि उनकी गांव में किसी से रंजिश नहीं है, लेकिन चोटों के निशान से जाहिर के रामऔतार की हत्या की गई है।
वहीं एसओ ने बताया कि मृतक के परिवार वालों की तरफ से तहरीर नहीं आयी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पांच भाइयों में बड़ा था। उसके भाई रामपाल, सेवाराम, भाईलाल, सत्यपाल की शादी हो चुकी है। मौत की खबर से परिवार में रोना पिटना मच गया।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: डीएम, एसपी और विधायक रहे मौजूद फिर भी निपटीं सिर्फ 12 शिकायतें
