रायबरेली: भुवालपुर तक नाले की सफाई कराएगी एनटीपीसी, जलभराव से मिलेगी निजात
ऊंचाहार/रायबरेली, अमृत विचार। बकुलाही झील से जुड़ी भुवालपुर नाला की सफाई एनटीपीसी द्वारा कराई जाएगी। इस कार्य का शुभारंभ हो चुका है। 20 लाख रुपए की लागत से होने वाले सफाई कार्य से आसपास के सैकड़ों एकड़ भूमि को जलभराव से मुक्ति मिलेगी।
सलोन विकास खंड के समसपुर से शुरू होकर रोहनिया ब्लाक में मध्य से होकर प्रतापगढ़ जनपद में प्रवेश करने वाली बकुलाही झील पूरे रोहनिया विकास खंड के किसानों के लिए अभिशाप बनी हुई है। इस झील के कारण हजारों एकड़ भूमि जलमग्न रहती है। इससे जुड़े कुछ नाले भी किसानों के लिए समस्या बने हुए है।
एनटीपीसी इससे जुड़े भुवाल पुर नाले की सफाई करवाकर किसानों को राहत देने जा रही है। क्षेत्र के रायपुर, बखरी, उमरन, पटेरवा, पूरे हवलदार, उधवामऊ, डाकपुर, हटका, सरेनी, धनेही, मवई, सरकपुर डिहवा, परसीपुर बदई समेत दर्जनों गांव से छूते हुए गुजरने वाले नाला की सफाई न होने से हजारों बीघा फसल जलभराव के कारण नष्ट हो जाती हैं।
जिसकी सफाई के लिए रणजीत प्रताप सिंह, मुरारमऊ प्रधान कन्धाई लाल, उमरन प्रधान छोटेलाल, मदारीपुर प्रधान मनीष सिंह सहित लोगों ने एनटीपीसी प्रबंधन से नाले की सफाई के लिए मांग की गई थी। किसानों की समस्या को देखते हुए एनटीपीसी प्रबंधन सीएसआर द्वारा इसकी सफाई का बीड़ा उठाया।
रविवार को ऊंचाहार भाजपा विधानसभा संयोजक जितेंद्र प्रताप सिंह ने हवन पूजा कर सफाई कार्य का शुभारंभ किया गया। भाजपा नेता जितेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि नाले की सफाई हो जाने से उपजाऊ भूमि की हजारों बीघा जमीन की फसल को पानी भराव की समस्या से बचाया जा सकता है, बहुत समय से किसानों की एनटीपीसी प्रबंधन से यह मांग रही जिससे किसानों की आय दुगनी होगी।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: संदिग्ध परिस्थितियों में मां-बेटी की मौत से इलाके में मचा हड़कंप
