Fatehpur: सुलह न होने पर अधेड़ ने खुद को गोली से उड़ाया, बहू की मौत के बाद हत्या के आरोप में बेटा और पत्नी जेल में हैं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में गोली लगने से अधेड़ की मौत।

फतेहपुर में संदिग्ध परिस्थितयों में गोली लगने से अधेड़ की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच पड़ताल की।

फतेहपुर, अमृत विचार। बहू की मौत के बाद हत्या के आरोपित बेटे और पत्नी को बचाने के लिए सुलह का दबाव बनाने गया एक अधेड़ व्यक्ति ने खुद को गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल अधेड़ को जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

हथगाम थाना क्षेत्र के सिठौरा गांव निवासी राजेश पाल के बेटे धर्मेन्द्र की शादी दो साल पहले हुसेनगंज के बारामील निवासी रामचन्द्र पाल की बेटी अनीता के साथ हुई थी। करीब एक साल पहले अनीता की मौत हो गई थी। रामचन्द्र ने बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए बेटी के पति धर्मेन्द्र और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

मामले में पुलिस ने पति और सास को जेल भेज दिया था। बताया जा रहा है कि राजेश लगातार बेटे की ससुराल जाकर सुलह समझौते का प्रयास कर रहा था लेकिन वह मानने के लिए तैयार नहीं थे।

रविवार सुबह वह एक बाइक से बारामील पहुंचा था, जहां रामचन्द्र से सुलह करने का दबाव बना रहा था। रामचन्द्र के विराध करने पर राजेश पाल ने खुद ही अपने पेट में गोली मार ली। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। 


मौके पर पहुंचे सीओ व पुलिस फोर्स

सुबह हुई घटना की जानकारी पर सीओ सिटी वीर सिंह और हुसेनगंज पुलिस मौके पर पहुंची थी। जहां ग्रामीणों से पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि राजेश पाल रामचन्द्र से मामले में सुलह कराने का दबाव बना रहा था। मना करने पर राजेश ने पहले रामचन्द्र पर तमंचा ताना, फायर न होने पर तमंचा खोलने लगा, इसी दौरान फायर होने से उसके ही पेट में गोली जा धंसी। 

जेल में है धर्मेन्द्र और उसकी मां

मृतक राजेश पाल का बेटा धर्मेन्द्र और उसकी पत्नी दहेज हत्या के आरोप में पिछले कई महीने से जेल में सजा काट रहे हैं। हालांकि बताया जा रहा है मुकदमा अभी विचाराधीन है। सजा होने से पहले राजेश पाल मामले में सुलह समझौता कराने का प्रयास कर रहा था और अपने इकलौते बेटे व पत्नी को जेल से रिहा कराना चाह रहा था। 

सुलह करने का दबाव बनाने के बावजूद सुलह न होने के कारण राजेश ने खुद को गोली मारी है। पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद कर लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।- वीर सिंह, सीओ सिटी

संबंधित समाचार