अयोध्या: मनाली गए एक परिवार के 11 लोग लापता, 10 जुलाई को अंतिम बार परिजन से हुई थी बात
कुमारगंज, अयोध्या, अमृत विचार। कुमारगंज थाना क्षेत्र की नगर पंचायत अंतर्गत पिठला गांव से हिमाचल प्रदेश के कुल्लू मनाली के लिए निकले एक ही परिवार के 11 लोग अचानक लापता हो गए हैं। उनके सगे संबंधी अब उनकी खोजबीन में जुट गए हैं। परिवारीजनों ने कुमारगंज पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पिठला गांव निवासी 62 वर्षीय अब्दुल मजीद अपने दामाद रहबर और परिवार सहित हिमाचल प्रदेश के कुल्लू मनाली में रहकर मेहनत मजदूरी करके जीवन का गुजर-बसर कर रहे था। इधर बीते जून माह में अब्दुल मजीद अपने परिवार के साथ गांव पिठला आया था। 8 जुलाई को अब्दुल अपने परिवार के साथ कुल्लू मनाली के लिए निकला। वह 9 को चंडीगढ़ बस अड्डे से 2 बजकर 40 मिनट पर रोडवेज की बस से कुल्लू मनाली के लिए निकला।
मनाली में मौजूद दामाद रहबर अपने साले, ससुर और साली के मोबाइल पर बराबर संपर्क में था। रहबर ने मजीद के परिवारीजनों को बताया कि हमारी साली करीना से कई बार बात हुई थी और उसने बताया था कि 9/10 जुलाई की रात 12 बजे तक हम लोग मनाली बस अड्डे पर पहुंच जाएंगे। मोबाइल पर हुई बातचीत के क्रम में रहबर मनाली बस अड्डे पर अपने ससुराली जनों का इंतजार करता रहा, लेकिन बस अड्डे तक नहीं पहुंची।
रात्रि 3 बजे के लगभग रहबर ने अपने ससुर के साथ मौजूद उनके बेटों एवं अन्य लोगों के पास मौजूद 5 मोबाइल फोन नंबरों पर संपर्क साधा, लेकिन सब के सब मोबाइल बंद मिले। इसके बाद रहबर की बेचैनी बढ़ी और वह मनाली से गाड़ी लेकर खोज में निकल पड़ा, जहां मंडी थाने से आगे उसे पुलिस कर्मियों ने रोक दिया, लेकिन जिस जगह पर करीना ने फोन पर बताया था कि हम लोग बिलासपुर से आगे पहुंच चुके हैं वहां तक पैदल ही पहुंचा और आसपास लोगों से पूछताछ की।
आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि रात में व्यास नदी में बाढ़ आ गई थी और पानी के चलते सड़क बह गई। सड़क पर खड़ी कई बसें और छोटे वाहन भी पानी के बहाव में बह गए हैं। इसके बाद वह सीधे मंडी थाने पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय पुलिस ने उसे कार्रवाई का भरोसा दिलाया और कहा कि खोजबीन की जाएगी।
अब्दुल मजीद के दामाद रहबर ने समूचे घटनाक्रम की जानकारी यहां अन्य परिवारीजनों को दी। सूचना मिलते ही गांव में सन्नाटा पसर गया। जानकारी के बाद अब्दुल मजीद के चचेरे भाई जुगल पुत्र प्यारे बसपा नेता भगवती सिंह के साथ कुमारगंज थाने पहुंचे और उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने हिमाचल प्रदेश की पुलिस से संपर्क करते हुए मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
लापता लोगों में चार महिलाएं और तीन बच्चे भी
एक ही परिवार के 11 लापता लोगों में अब्दुल मजीद पुत्र सद्दीक (62), नाजिमा पत्नी अब्दुल मजीद (60), बहार पुत्र अब्दुल मजीद (42), परवीन पत्नी बहार (40), इश्तिहार पुत्र अब्दुल मजीद (21), ओमाईसा सबाना पत्नी इश्तिहार (19), करीना पुत्री अब्दुल मजीद (18), वारिस अली पुत्र बहार (10), मौसम पुत्र बहार (6), अलमीरा पुत्री बहार (4), अब्दुल मजीद के रिश्तेदार एजाज अहमद निवासी लालगंज चौराहा कासिम अली का पुरवा तहसील मुसाफिरखाना जनपद अमेठी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: बजट की बाट जोह रहे प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में चयनित गांव
