बरेली: समाज के हक की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी- जुगल किशोर
बरेली, अमृत विचार। रविवार को सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री जुगल किशोर वाल्मीकि समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पहुंचे, जहां उनका कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। जबकि पूर्व मंत्री ने सपा की नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बसपा के पूर्व जिला सचिव विशाल कुमार और पार्षद प्रत्याशी रहे नीरज वाल्मीकि समेत तमाम लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
वहीं प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने बताया कि साल 2012 से 2023 आ गया और लाखों सफाई कर्मचारियों के पद रिक्त हो गए, लेकिन सरकार भर्ती नहीं कर रही है। वहीं हमने 5 लाख सफाई कर्मचारियों की भर्ती 65 हजार सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुख्य रूप से ठेका प्रथा कर्मचारियों का शोषण करने वाली प्रथा है। फिर भी वर्तमान सरकार बड़ी कंपनियों को सफाई का ठेका दे रही है। ऐसे में ठेका कर्मचारियों का ईएसआई और ईपीएफ भी जमा नहीं हो पा रहा है, जिससे उनमें काफी रोष है।
साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही सफाई कर्मचारियों की समस्या का निदान नहीं किया गया तो विधानसभा का घेराव किया जाएगा और उसके बाद सरकार का विरोध करने के लिए जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन होगा। वहीं सपा के पूर्व मंत्री ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पूरे देश में महंगाई अपने चरम पर है और जनता अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
आलम यह है कि टमाटर 200 किलो हो गया है, जिससे लोगों के घरों का बजट बिगड़ गया है। लेकिन अब जनता को इसका जवाब देना पड़ेगा और जनता ने मन बना लिया है आने वाले चुनाव में जनता सरकार से हिसाब करेगी। इस दौरान 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की रणनीति तैयार है। संगठन एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ अखिलेश यादव के नेतृत्व में चुनावी मैदान में उतरेगा और ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा। इस मौके पर समाजवादी पार्टी बरेली के जिला अध्यक्ष शिव चरन कश्यप और महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी समेत पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ये भी पढे़ं- बरेली: नौ लाख से अधिक घरों में स्वास्थ्य विभाग की होगी दस्तक, आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर करेंगी हेल्थ स्क्रीनिंग
