रायबरेली : नशे में डयूटी करने पहुंचा गार्ड, निलंबन की हुई कार्रवाई   

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली, अमृत विचार। रेलवे स्टेशन में जमकर मनमानी चल रही है। उड़ीसा में हुए रेल हादसे के बाद भी रेल कर्मी आदत में सुधार नहीं ला पा रहे है। नशे में ट्रेन चलाने की कोशिश की जा रही है। ऐसा ही एक मामला रविवार की सुबह सामने आया जब अधिकारियों की सांस फूल गई। बताया जाता है कि ऑन ड्यूटी स्टेशन में कार्यरत गार्ड शराब पीकर डयूटी करने आ गया। मेडिकल टीम ने नशे की पुष्टि की है जिसके बाद गार्ड को निलंबित कर दिया गया।

रविवार को रेलवे गार्ड शिवमोहन यादव की ड्यूटी प्रयागराज में थी। उन्हें प्रयागराज से कानपुर जाने वाली इंटरसिटी में जाना था। इसके लिए प्रयागराज जाने वाली इंटरसिटी से रवाना होना था। सुबह वह स्टेशन पहुंचा तो उसकी मेडिकल जांच की गई। जांच में नशा होने की बात सामने आई। इस पर रेलवे अधिकारियों ने उसे रोकर सूचना उच्चाधिकारियों को दी। इस बीच मौका देख गार्ड मौके से फरार हो गया। आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और उसकी खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद भी गार्ड नहीं मिला। स्टेशन अधीक्षक ने इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी तो आरोपित गार्ड को तत्काल निलंबित कर दिया गया। 

रेलवे के लखनऊ मंडल के जनसंपर्क विभाग ने इसकी पुष्टि की है। आरपीएफ इंस्पेक्टर आलोक मौर्य ने बताया कि गार्ड के नशे में होने की जानकारी मिली थी, मौके पर पहुंचा तो गार्ड नहीं मिला। पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। असल में शंका के दायरे में लेते हुए गार्डस व लोको पायलटों का मेडिकल परीक्षण करवाया जाता है। नतीजा तुरंत ना मिलकर परीक्षण हेतु नमूने को जांच टीम द्वारा दिल्ली भेजा जाता है जिसके 3 दिन बाद ही रिपोर्ट प्राप्त होती है। तभी आगे की कार्यवाही की जाती है। इस पूरे मामले को लेकर स्टेशन अधीक्षक बात करने की कोशिश की गई तो उनका कार्यालय बंद था। दूरभाष से संपर्क करने का प्रयत्न किया गया तो फोन उठाने के उपरांत भी उन्होंने उत्तर देना उचित नहीं समझा।

ये भी पढ़ें -अतीक के खास गुर्गे गुड्डू मुस्लिम की गोवा में मिली लोकेशन

संबंधित समाचार