बरेली: पौधों की परवरिश कर छांव देने का कर रहे काम
बरेली, अमृत विचार। सिर्फ पौधे लगाना ही नहीं, उनकी देखभाल भी करनी है, इसी संदेश के साथ शहर के मोहल्ला सहसवानी टोला के मो. अयूब अंसारी पौधों की रक्षा कर रहे हैं। दूसरों को भी पेड़-पौधों की देखरेख के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
गत वर्ष वार्ड 43 में पार्षद रहे यामिन ने इमामबाड़ा से सहसवानी टोला पुलिया तक सीसी रोड बनवाई थी। सड़क बनाने से पहले उसके किनारे अशोक के पौधे लगवाए। उसे ट्री गार्ड से सुरक्षित करवा दिया। उनके इस काम को आगे बढ़ाने का काम मो. अयूब अंसारी ने किया। अयूब ने पौधों की देखरेख की। उनमें खाद पानी देकर उन्हें जीवन दिया। गर्मियों में जब सड़क तपती थी, लोग दरवाजा बंद कर घरों में पंखे की हवा में रहते थे, तब अयूब पौधों की परवरिश कर रहे थे। अब यह पौधे पेड़ बन गए हैं।
पहले अकेले अयूब ही पौधों की देखरेख करते थे, मगर अब आसपास के लोग भी इस काम में सहयोग करते हैं। यदि कोई पशु इन पेड़ों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करे तो आसपास के लोग उसकी सुरक्षा करते हैं। अयूब कहते हैं कि लोग पौधे लगाकर भूल जाते हैं। समय पर पानी नहीं मिलने से पौधा सूख जाता है। एक पौधे को पकड़कर 10 लोग फोटो तो खींचवा लेते हैं, मगर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी कोई नहीं लेता। पौधे लगाने से ज्यादा उन्हें बचाना महत्वपूर्ण है। पार्षद भी पौधे लगाएं तो उन्हें सुरक्षित बड़ा करने में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करते चलें।
ये भी पढे़ं- बरेली: विकास भवन में नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख ठगे, रुपये मांगने पर आरोपी ने पीड़ित को पीटा
