Jalaun News : सफाई कर्मी महिला के सिर पर फावड़ा की बट से किया हमला, घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल
जालौन में महिला के सिर पर फावड़ा से किया हमला।
जालौन में युवक ने सफाई कर्मी महिला के सिर पर फावड़ा की बट से हमला कर दिया। हमला करने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
जालौन, अमृत विचार। आटा थाना क्षेत्र के ग्राम चमारी में पड़ोस के गांव में तैनात महिला सफाई कर्मी से किसी बात को लेकर युवक का विवाद हो गया। युवक ने तैश में आकर फांवड़ा के बट से हमला कर दिया। अचनाक सिर में हुए प्रहार से महिला सफाई कर्मी जमीन पर गिर पड़ी। यह देखकर हमला करने वाला युवक मौके से भाग निकला। परिजनों ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
ग्राम चमारी निवासी कमला देवी उर्फ चंपा पत्नी कुंजू उकासा गांव में सफाई कर्मी के पद पर तैनात हैं। जब वह काम निपटा कर अपने घर वापस चमारी लौटी तो वहां पर गांव के युवक राजेश से किसी बात को लेकर उसकी कहा सुनी हो गई। राजेश उस वक्त हाथ में फांवड़ा लेकर गली में नाली किनारे खड़े झांड़ झंकाड़ को साफ कर रहा था। दोनों के बीच बात बढ़ी तो अपशब्दों पर पहुंच गई।
राजेश ने तैश में आकर महिला के सिर पर फांवड़ा के बट से हमला कर दिया। प्रहार इतना करारा था कि महिला फौरन वहीं जमीं पर गिर पड़ी। महिला को घायल देखकर हमलावर मौके से भाग गया। दूसरी तरफ परिजनों ने उसे घायल अवस्था में पड़ा देखा तो फौरन पुलिस को सूचना दी और महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर दे दी गई।
आटा थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि मामले को पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी, हमलावर को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। दूसरी तरफ इस पूरी घटना का वहां पर किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। घटना के बाद उस वीडियो को वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही मामला सुर्खियों में आ गया।
