हल्द्वानी: बनभूलपुरा में लेडी गैंग का तांडव, वायरल हुआ वीडियो
वाहनों में की तोड़फोड़, घूम-घूम कर की गाली गलौज
पुलिस को दी तहरीर में महिलाओं पर लगाए गंभीर आरोप
हल्द्वानी, अमृत विचार। बनभूलपुरा में एक महिला गैंग ने रात जमकर तांडव किया। वाहनों में तोड़फोड़ की और घूम-घूम कर गालियां दी। यह देख मौके पर बड़ी संख्या में तमाशबीन जमा हो गए, लेकिन कोई उन्हें रोक नहीं सका। इस मामले में पुलिस को दो अलग-अलग तहरीर दी गई हैं।
पहली तहरीर में नई बस्ती निवासी मो.सलीम पुत्र मो.सलाम ने पुलिस को बताया कि बीती 16 जुलाई की रात करीब पौने 12 बजे गोपाल मंदिर की ओर से एक अल्टो कार आई, जिसने पहले एक टेंपो और फिर एक कार में टक्कर मारी।
ल्टो कार में सवार दो लड़कियों ने उतरते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। लोगों के समझाने पर वह चली तो गईं, लेकिन कुछ देर बाद अपनी गैंग के साथ वापस लौटीं। उन्होंने मस्जिद के बाहर खड़े टेंपो के शीशे को तोड़ दिया और विरोध में आए लोगों से गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी बीच एक महिला हाथ में डंडा लेकर हमला करने लगी। यह देख मौके पर भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई, लेकिन कोई कुछ नहीं कर सका।
मामले में दूसरी तहरीर इलाकाई लोगों ने दी है और कहा कि यह महिलाओं का गैंग है, जो नशे का आदी है। महिलाएं खुद ही लोगों से झगड़ा करती हैं और बाद में पुलिस की धमकी देकर वसूली करती हैं। आरोप है कि यह महिलाएं, पुरुषों को जिस्मफरोसी के लिए भी उकसाती है और फिर पुलिस का खौफ दिखा कर मोटी रकम वसूल करती हैं।
