शाहजहांपुर: दोस्त निकला हत्यारा, 45 हजार रुपयों की खातिर ले ली थी जान, जानिए मामला
तगादा करते हुए अखिलेश ने बब्लू के साथ की थी मारपीट
फोटो- पुलिस गिरफ्त में हत्यारोपी रूपेश।
शाहजहांपुर, अमृत विचार। शहर में हिस्ट्रीशीटर अखिलेश गुप्ता हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को तमंचा और कारतूस समेत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ने कबूल किया है कि हिस्ट्रीशीटर ने अपने एक दोस्त को 45 हजार रुपये उधार दिए थे। रुपये मांगने पर दोस्त ने मना कर दिया था। इस पर हिस्ट्रीशीटर ने उसे पकड़कर मारा पीटा था। हिस्ट्रीशीटर से दोस्ती करने के बाद दोस्तों ने बदला लेने के लिए घटना को अंजाम दिया था।
एएसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि आठ जुलाई की रात दस बजे चौक कोतवाली के मोहल्ला बाला तिराही निवासी हिस्ट्रीशीटर अखिलेश गुप्ता की गर्रा श्मशान घाट पर लकड़ी की ठेकी पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसके शरीर में दो गोली लगीं थीं। हिस्ट्रीशीटर अखिलेश की श्मशान घाट पर लकड़ी की ठेकी थी।
मृतक के भाई राजीव गुप्ता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के खुलासा के लिए सीओ सिटी वीएस वीर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमें कार्य कर रहीं थीं। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन के आधार पर बब्लू निवासी एमनजई जलालानगर थाना सदर बाजार व रूपेश कुमार निवासी नई बस्ती अजीजगंज चौक कोतवाली का नाम प्रकाश में आए थे। पुलिस टीमें दोनों की तलाश में लगी हुईं थीं।
प्रभारी निरीक्षक केवी सिंह को रविवार की रात साढ़े 11 बजे सूचना मिली कि आरोपी ककरा पुल के निकट नगर निगम के पार्क के पास खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी करके आरोपी रूपेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी तलाशी में एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपी रूपेश ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर अखिलेश ने आरोपी बब्लू को 45 हजार रुपये कई माह पहले उधार दिए थे। रुपये न लौटाने पर हिस्ट्रीशीटर ने बब्लू को अजीजगंज में मारा पीटा था और बेइज्जत किया था। इससे दोनों के बीच दुश्मनी बन गई थी और बब्लू ने उससे बदला लेने की ठान ली थी।
रूपेश ने योजना बनाकर बब्लू और हिस्ट्रीशीटर के हाथ मिलवाकर पुन: दोस्ती करा दी थी। इधर, अखिलेश निश्चिंत हुआ तो दोनों लोगों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी रूपेश पर पहले से विभिन्न धाराओं के पांच मुकदमें दर्ज है। पुलिस टीम में अपराध प्रभारी निरीक्षक पवन शर्मा, दरोगा कुलदीप शुक्ला, मुख्य आरक्षी बलविंद्रर सिंह, सिपाही अंकित कुमार थे
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: 'मोदी के नेतृत्व में बन रहे विकास के प्रतिमान', जिला पंचायत में हुआ टिफिन पर चर्चा कार्यक्रम
