बरेली: इस बार 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ सकते हैं सर्किल रेट
बरेली, अमृत विचार। जिले में इस बार जमीनों के सर्किल रेट बढ़ाने की तैयारी है। सभी तहसीलदारों और उप निबंधकों ने तहसील वार संपत्तियों के वार्षिक मूल्यांकन की सूची तैयार कर ली है। माना जा रहा है कि 15 से 20 प्रतिशत तक सर्किल रेट बढ़ाए जा सकते हैं। शहर से सटे नए विकसित इलाकों में ज्यादा वृद्धि के साथ उन नए इलाकों को भी इसके दायरे में लिया जा सकता है जो अब तक इससे मुक्त थे।
नए सर्किल रेट निर्धारित करने की प्रक्रिया शुरू करते हुए कई दिन पहले ही जिले के सभी उप निबंधकों और तहसीलदारों को चिट्ठी जारी की गई थी। इसमें दिए गए बिंदुओं पर मूल्यांकन सूची तैयार कर ली गई है। मंगलवार को सभी तहसीलदार और उप निबंधकों की एडीएम फाइनेंस संतोष बहादुर सिंह ने बैठक बुलाई है। इसमें सभी तहसीलों की मूल्यांकन सूचियों की समीक्षा की जाएगी।
बताया जा रहा है कि जिन शहरी इलाकों में तेजी से विकास के साथ कृषि भूमि का उपयोग आवासीय, औद्योगिक या व्यावसायिक में बदला जा रहा है, उन्हें चिह्नित कर नई दरें निर्धारित की जा रही हैं। मूल्यांकन सूची में गैर कृषि भूमि की सड़क के किनारे की दरें तय की जाती हैं लेकिन ऐसी सड़कों पर अंदरूनी मोहल्लों का नाम अब तक मूल्यांकन सूची में शामिल नहीं थे। अब उन मोहल्लों के नाम भी शामिल किए गए हैं। जिन इलाकों में लेखपत्रों का निबंधन शून्य रहा है, उनमें भी सर्वे कराने का निर्देश दिया गया है।
एयरपोर्ट से आगे तक लागू हो सकते हैं नए सर्किल रेट
शहर के आसपास तेजी से विकास हुआ है। शहामतगंज से 10 किलोमीटर की परिधि में इन्वर्टिस चौराहे से थोड़ा पहले, एयरपोर्ट तक, झुमका तिराहे और चौबारी तक की जमीनों के गाटा नंबरों पर नए सर्किल रेट लागू किए जा सकते हैं।
2021-22 में शहर के प्रमुख स्थलों पर प्रस्तावित रेट
क्षेत्र का नाम तत्कालीन दर प्रस्तावित दर
बरेली जंक्शन से जेल चौराहा 46000 52000
जेल रोड से चौकी चौराहा 46000 52000
चौकी चौराहा से पटेल चौक 56000 63000
पटेल चौक से नॉवल्टी चौराहा 62000 70000
चौकी चौराहा से सर्किट हाउस 46000 52000
चौकी चौराहा से गांधी उद्यान 55000 62000
सर्किट हाउस से मुख्य डाकघर 45000 51000
सर्किट हाउस से बॉब तक 45000 51000
बॉब से डीआईजी दफ्तर 40000 45000
डीआईजी दफ्तर से महालक्ष्मी टॉवर 48000 54000
बरेली कॉलेज से शहामतगंज चौराहा 40000 45000
शहामतगंज से थाना बारादरी 42000 48000
बारादरी थाने से संजयनगर तिराहा 42000 48000
सिकलापुर से साहू गोपीनाथ स्कूल 40000 45000
मठ चौकी से बारादरी थाना चौराहा 42000 48000
कुतुबखाना से बासमंडी 42000 48000
शहामतगंज चौराहा व बताशा वाली गली 42000 48000
चौपुला से सिटी स्टेशन किला क्रॉसिंग 33000 37000
चौपुला से कुतुबखाना चौराहे तक 46000 52000
गांधी उद्यान से शहामतगंज तक 45000 51000
शहामतगंज से जाट रेजीमेंट चौराहे तक 40 000 45000
रामपुर बाग से बरेली कॉलेज तक 50000 56000
कलेक्ट्रेट चौराहे से ऑफिसर्स हॉस्टल तक 45000 51000
चौकी चौराहे से चौपुला चौराहे तक 45000 51000
(सर्किल रेट रुपये प्रति वर्ग मीटर)
कल प्रस्तावित सूचियों का प्रकाशन, फिर पांच दिन आपत्ति
एक अगस्त से नए सर्किल रेट लागू हो सकते हैं। मंगलवार को होने वाली बैठक में तय किया जाएगा कि कितने प्रतिशत सर्किट रेट बढ़ाए जा सकते हैं। इसके बाद 19 जुलाई को प्रस्तावित मूल्यांकन सूची का प्रकाशन किया जाएगा जिस पर 21 से 26 तक पांच दिन तक आपत्तियां मांगी जाएगी। आपत्तियों के निस्तारण के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक होगी जिसमें शिकायतकर्ता भी बुलाए जाएंगे। इसके बाद प्रस्तावित मूल्यांकन सूचियां अनुमोदन के लिए डीएम को भेजी जाएंगी।
ये भी पढे़ं- बरेली: टमाटर ने तोड़ा पांच साल का रिकॉर्ड, कई और सब्जियों पर भी महंगाई की मार
